हैरान करने वाली वारदात, तीन बच्चों के शव मिले, मौके की हालत देख पुलिस भी दंग

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Sep 2025, 06:43 pm
news-banner
यूपी के आजमगढ़ जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां तीन बच्चों के शव मिले हैं। आईये जानते हैं।

रविवार को आजमगढ़ जनपद की सीमा के अंतर्गत सोंगर गांव के पास बेसव नदी से तीन मासूम बच्चों के शव बरामद हुए। इनमें दो शव एक ही गठ्ठर में बंधे मिले, जबकि तीसरा शव करीब 15 मीटर दूर पुल के नीचे से निकाला गया। मृतकों में एक लड़की और दो लड़के शामिल हैं।


घटना के बाद आजमगढ़ और जौनपुर पुलिस के बीच सीमा विवाद को लेकर करीब एक घंटे तक उलझन बनी रही। मामले को स्पष्ट करने के लिए लेखपाल को मौके पर बुलाया गया और जरीब से सीमांकन कराया गया। जांच में यह इलाका आजमगढ़ जिले की सीमा में पाया गया। इसके बावजूद आजमगढ़ पुलिस ने मामले की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद जौनपुर जिले के खेतासराय थाने की पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया।


खेतासराय थानाध्यक्ष रामआसरे ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बच्चों के शवों को किसी ने नदी में बहा दिया है। जांच में किसी भी शव पर चोट के निशान नहीं मिले। हालांकि, बच्चों के पैरों में सफेद धागे बंधे पाए गए हैं, जिसकी वजह का पता अभी नहीं चल सका है। थानाध्यक्ष के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असल वजह और पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।


सीमा विवाद के चलते शुरुआती जांच में देरी हुई, लेकिन अंततः खेतासराय पुलिस ने नाप-जोख के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह रहस्यमयी घटना क्षेत्र में सनसनी का विषय बनी हुई है।

advertisement image