यूपी में कोहरा बना आफत, 20 गाड़ियां टकराईं, पांच की मौत तो दर्जनों हुए घायल

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Dec 2025, 12:51 pm
news-banner

यूपी के कई जिलों में घने कोहरे से कई हादसे सामने आए हैं। यहां 20 से अधिक गाड़ियां एक-दूसरे से टकराई हैं। इन हादसों में 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। आइए पूरा अपडेट जानते हैं।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे की चादर छाई हुई है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने के कारण सड़क, रेल और एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हुआ। कोहरे के चलते कई जगह भीषण सड़क हादसे हुए, जिनमें कई लोग घायल हो गए, जबकि कुछ स्थानों पर लोगों की जान भी चली गई। दुर्घटनाओं के बाद प्रमुख मार्गों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


बदायूं जिले में रविवार सुबह कोहरे के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बदायूं से सैदपुर की ओर मांस की सप्लाई लेकर जा रहा एक पिकअप वाहन सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव सिलहरी के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। सड़क पर मांस बिखर जाने से आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।


आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी कोहरे का कहर देखने को मिला। आगरा के थाना डौकी क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 14.200 के पास रविवार सुबह करीब नौ बजे कोहरे के कारण एक के बाद एक 10 वाहन आपस में टकरा गए। अचानक हुई इस टक्कर से एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की रफ्तार थम गई। सूचना पर डौकी पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका।


उन्नाव जिले के गंजमुरादाबाद क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा हुआ। गौरियाकला गांव के पास टाइल्स से लदा एक लोडर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। घना कोहरा होने के कारण पीछे से आ रहे करीब 10 वाहन आपस में भिड़ गए। इसी दौरान एक स्लीपर बस पीछे से कंटेनर से टकरा गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में सवार यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा।


अमेठी जिले में भी कोहरे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग पर फुरसतगंज क्षेत्र में रविवार सुबह एक ट्रक ने बाइक सवार भाई-बहन को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। ट्रक के पहिए के नीचे आने से भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।


गाजियाबाद में भी कोहरे के कारण कई हादसे सामने आए। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मसूरी के पास नहर क्षेत्र में तीन वाहन आपस में भिड़ गए, जिससे कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, भोजपुर क्षेत्र में भी दुर्घटनाएं हुईं। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दुहाई के पास दो कारों की भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। हादसों के बाद दोनों ही स्थानों पर जाम जैसे हालात बन गए और कुछ देर के लिए विवाद की स्थिति भी पैदा हो गई। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला। एसीपी यातायात जियाउद्दीन ने बताया कि अधिकांश हादसे ओवरटेक करने की कोशिश में हुए हैं।


हाथरस जिले में घने कोहरे के बीच अलीगढ़ से लखनऊ जा रही अकराबाद ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह की सांसद लिखी फॉर्च्यूनर कार एटा रोड पर गांव रतीभानपुर के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में ब्लॉक प्रमुख और कार सवार अन्य लोग बाल-बाल बच गए। सभी को मामूली चोटें आईं। पुलिस और हाईवे टीम ने घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।


हमीरपुर जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार को सबसे दर्दनाक हादसा हुआ। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के इचौली इलाके में रोडवेज बस और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बांदा रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रदेशभर में बढ़ते हादसों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।


यह भी पढ़ें- यूपी में घने कोहरे से थमी रफ्तार, दर्जनों ट्रेनें लेट, आगे मौसम को लेकर जारी की गई ये चेतावनी

advertisement image