'गोली चल जावेगी' गाने पर सच में चल गई गोली, खुशी का माहौल चीख पुकार में बदला, जानें पूरा मामला

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 05 Jul 2025, 11:17 am
news-banner
गोली लगने से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल

महोबा में "गोली चल जावेगी..." म्यूजिक बजा, बहरूपिये थिरक रहे थे। माहौल जश्न में डूबा था, लेकिन किसी को क्या पता था कि गाने की ये लाइन कुछ ही पलों में हकीकत बन जाएगी। जिसका वीडियो भी सामने आया है। 


कुआं पूजन कार्यक्रम में अचानक चली गोली

महोबा जनपद के अजनर थाना क्षेत्र के बिजोरी गांव में रात कल्लू अहिरवार के घर पर कुआं पूजन का कार्यक्रम चल रहा था। दरवाजे पर रात करीब 12 बजे जैसे ही बहरूपिया डांसर "गोली चल जावेगी" गाने पर नाच रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद अमित अहिरवार नामक युवक ने अवैध तमंचे से सच में हर्ष फायरिंग कर दी। म्यूजिक की ताल पर चली असली गोली ने वहां मौजूद दो महिलाओं राधा (21) और रामा पत्नी को अपना निशाना बना लिया।


दो महिलाओं के पैर में लगी गोली

गोली दोनों के पैरों में जा लगी, जिससे वहां भगदड़ मच गई और जश्न का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। फायरिंग करने वाला युवक तुरंत मौके से फरार हो गया। वहीं, परिजनों ने तुरंत घायल दोनों महिलाओं को इलाज के लिए मध्यप्रदेश के नौगांव अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें छतरपुर रेफर कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


फायरिंग करने वाला युवक फरार

घायल युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अमित अहिरवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। कुएं पूजन जैसे पारंपरिक और धार्मिक कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग जैसी लापरवाही ने खुशी के कार्यक्रम में सन्नाटा पसार दिया। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे खतरनाक कृत्य करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। 

गौरतलब है कि हर्ष फायरिंग की ये पहली घटना नहीं है। ऐसी घटनाएं आम हो चुकी हैं। जबकि सरकार के सख्त निर्देश हैं कि किसी भी कार्यक्रम में गोली न चलने पाए। लेकिन अतिउत्साही लोग बाज नहीं आते और लोगों की जान से खिलवाड़ करते हैं।



advertisement image