Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Apr 2026, 10:57 am
यूपी सरकार ने 44 एडिशनल एसपी के तबादले किए हैं, जिनमें कई नए प्रमोटेड अधिकारी शामिल हैं। श्रेष्ठा ठाकुर को एटीएस लखनऊ और स्नेहा तिवारी को कानपुर में एडीसीपी बनाया गया है, जिससे पुलिस प्रशासन में बदलाव और मजबूती की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। रविवार को प्रदेश के 44 एडिशनल एसपी का तबादला कर दिया गया। इनमें 33 ऐसे अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें हाल ही में डिप्टी एसपी से प्रमोशन देकर एडिशनल एसपी बनाया गया था। इस बदलाव को प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और जिलों में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के तौर पर देखा जा रहा है। अभय मिश्रा को विजिलेंस से नोएडा भेजा गया है, जबकि स्वतंत्र सिंह को प्रमोशन के बाद नोएडा में ही तैनाती दी गई है। वहीं तनु उपाध्याय को कानपुर की 37वीं वाहिनी पीएसी में उप सेनानायक बनाया गया है। वे पहले इसी यूनिट में सहायक सेनानायक के रूप में कार्यरत थीं और अपने कार्यों के चलते चर्चा में भी रही हैं।
श्रेष्ठा ठाकुर को एटीएस लखनऊ में नई जिम्मेदारी
बागपत की एएसपी और ‘लेडी सिंघम’ के नाम से मशहूर श्रेष्ठा ठाकुर को एटीएस लखनऊ में एएसपी बनाया गया है। उनके इस नए पद पर तैनाती को लेकर पुलिस महकमे में चर्चा तेज है। तेज-तर्रार छवि के लिए जानी जाने वाली श्रेष्ठा ठाकुर पहले भी कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। श्रेष्ठा ठाकुर मूल रूप से उन्नाव की रहने वाली हैं। उन्होंने वर्ष 2012 में यूपीपीएससी परीक्षा पास कर पुलिस सेवा जॉइन की थी। वह पहली बार 2017 में सुर्खियों में आई थीं, जब बुलंदशहर में सीओ रहते हुए उनका चालान काटने को लेकर एक पार्टी कार्यकर्ता से सड़क पर विवाद हुआ था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। बाद में उनका ट्रांसफर नेपाल बॉर्डर के पास बहराइच जिले में कर दिया गया था।
स्नेहा तिवारी को कानपुर में एडीसीपी का पद
स्नेहा तिवारी को कानपुर नगर कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। 2012 बैच की पीपीएस अधिकारी स्नेहा तिवारी की गिनती मेहनती और अनुशासित अफसरों में होती है। उनकी तैनाती को लेकर पुलिस विभाग में सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है। मूल रूप से मिर्जापुर के चुनार की रहने वाली स्नेहा तिवारी ने वर्ष 2014 में वाराणसी के सदर और दशाश्वमेध सर्किल से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उनका स्थानांतरण झांसी में हुआ, जहां उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। बाद में वह चंदौली जिले में तैनात रहीं और सकलडीहा क्षेत्र में डिप्टी एसपी के रूप में कार्य किया। हाल ही में उन्हें अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पद पर पदोन्नत किया गया था, जिसके बाद अब उन्हें कानपुर में एडीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है।