Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 11 Mar 2026, 06:09 pm
यूपी ATS ने आगरा से पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में भारतीय नौसेना के एक लांस नायक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदर्श कुमार उर्फ लकी के रूप में हुई है। आरोप है कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI को भारत से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां भेज रहा था। ATS ने मंगलवार को आरोपी को आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र के गांव चीतपुर से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब 22 दिन पहले ही हुई थी। शादी के बाद वह पत्नी के साथ घूमने गया था और कुछ दिन पहले ही वापस लौटा था। उसके पास से मिले दस्तावेजों से यह भी सामने आया है कि उसने अपने बैंक खाते से ISI एजेंट को पैसे ट्रांसफर किए थे।
कोच्चि में दक्षिणी नेवल कमांड में थी तैनाती
जानकारी के मुताबिक लांस नायक आदर्श कुमार की तैनाती केरल के कोच्चि में दक्षिणी नेवल कमांड में थी। जांच एजेंसियों को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि वह पाकिस्तानी एजेंसी ISI को भारत से जुड़ी अहम सूचनाएं भेज रहा है। एटीएस ने उसे गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान सामने आया कि उसने देश के युद्धपोतों से जुड़ी तस्वीरें और अन्य संवेदनशील जानकारी भी साझा की थी। उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में भी कई अहम सुराग मिले हैं, जिससे जासूसी की आशंका मजबूत हुई है।
22 दिन पहले हुई थी शादी, गांव में पसरा सन्नाटा
दैनिक भास्कर की टीम आरोपी के गांव चीतपुर पहुंची तो वहां सन्नाटा नजर आया। ग्रामीणों ने बताया कि आदर्श करीब सात साल पहले नेवी में भर्ती हुआ था। उसकी शादी 19 फरवरी को मथुरा के विशावर क्षेत्र की रहने वाली युवती से हुई थी। शादी समारोह कागारौल के सूरज गार्डन में आयोजित हुआ था। शादी के बाद वह पत्नी के साथ घूमने गया था। गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद गांव के लोग भी हैरान हैं। उनका कहना है कि आदर्श का व्यवहार सामान्य था और कभी ऐसा नहीं लगा कि वह किसी जासूसी गतिविधि में शामिल हो सकता है।
परिवार ने आरोपों को बताया गलत
आरोपी के पिता बलवीर ने बेटे पर लगे आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उनके बेटे को फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि बेटे की हाल ही में शादी हुई है और वह घूमने जरूर गया था, लेकिन दुबई जाने की बात सही नहीं है। वहीं जांच एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। शक जताया जा रहा है कि आरोपी किसी हनीट्रैप का शिकार भी हो सकता है। फिलहाल ATS ने उसे आगरा कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- वाराणसी में कोचिंग संचालक पर छात्रा ने लगाए छेड़खानी का आरोप, बोली- जबरन बनाई गंदी वीडियो, वायरल करने की दे रहा धमकी