बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने अखिलेश यादव के लिए बोल दी ऐसी बात! हंगामा होना तय?

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Jul 2025, 07:09 pm
news-banner
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर बीजेपी चीफ भूपेंद्र चौधरी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अखिलेश को हिंदू विरोधी मानसिकता वाला बताते हुए कांवड़ यात्रा को विवादित बनाने के लिए षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के खिलाफ तीखा हमला बोला है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं पर कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों पर विवाद पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा है कि अखिलेश यादव हिंदू विरोधी हैं। वह कांवड़ यात्रा जैसे कार्यक्रमों को विवादित बनाने की कोशिश करते हैं। यह सपा का एक सुनियोजित षड्यंत्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके नेताओं ने लगातार हिंदू धर्म, धर्मगुरुओं, साधु-संतों और धार्मिक ग्रंथों के खिलाफ बयानबाजी कर सनातन परंपराओं का अपमान किया है।


बरेली में भूपेंद्र चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सपा शासन में कांवड़ यात्रा पर रोक लगाने के प्रयास हुए थे, लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार में सभी नागरिकों को अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार पर्व-त्योहार मनाने की पूर्ण स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सुनिश्चित किया है कि सभी समुदायों के त्योहार शांतिपूर्वक सम्पन्न हों। कांवड़ यात्रा करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी हुई है और उसे शांतिपूर्ण व सुरक्षित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


रजनीश गंगवार की कविता पर जताई आपत्ति

भूपेंद्र चौधरी ने शिक्षक रजनीश गंगवार द्वारा लिखी गई विवादित कविता "कांवड़ लेकर मत जाना तुम, ज्ञान का दीप जलाना" को लेकर भी कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि एक धर्म को निशाना बनाने का चलन बना लिया गया है, लेकिन हमारी सरकार ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना निंदनीय है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विपक्षी INDIA गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह गठबंधन अवसरवादी और स्वार्थी लोगों का समूह है। इनका कोई स्थायी विचारधारा या दिशा नहीं है। जनता ने लोकसभा चुनाव में इन्हें करारा जवाब दिया है और आने वाले चुनावों में भी यही होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों के विधानसभा चुनावों में यह गठबंधन कहीं नज़र नहीं आया, जिससे उनकी कमजोर स्थिति उजागर होती है।


सपा की सोच हिंदू विरोधी, धार्मिक भावनाओं के प्रति संवेदनशीलता की कमी

अखिलेश यादव की तरफ से राम मंदिर और कॉरिडोर को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि सपा की सोच हमेशा से हिंदू विरोधी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण से लेकर कांवड़ यात्रा तक, सपा के रवैये में धार्मिक भावनाओं के प्रति संवेदनशीलता की कमी रही है। यह पहली बार नहीं है। हमेशा से समाजवादी पार्टी अपनी हिंदू विरोधी मानसिकता का प्रदर्शन करती रहती है।


संगठन के चुनावों पर बोले चौधरी

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भाजपा संगठन के चुनावों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले साल से सदस्यता अभियान चलाया गया था, जिसमें उत्तर प्रदेश में ढाई करोड़ से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। अब तक 1.62 लाख स्थानीय समितियां और 1.5 लाख बूथ समितियां बन चुकी हैं। 98 में से 70 जिलों में अध्यक्षों की घोषणा हो चुकी है और बाकी जगहों पर भी प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि संगठन चुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है और केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार आगे की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। भूपेंद्र चौधरी बरेली में भाजपा पार्षद रहे स्वर्गीय अरेंद्र अरोड़ा के निवास जनकपुरी पहुंचे और उनके परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, एमएलसी संतोष सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष डॉ. के. एम. अरोड़ा समेत कई नेता मौजूद रहे। 


यह भी पढ़ें- करणी सेना के उपाध्यक्ष का विवादित बयान! औवैशी के लिए बोल दी ऐसी बात, मच गया हंगामा

advertisement image