'सपा, राजद या टीएमसी हो, इन पार्टियों में पदाधिकारी बनना है तो पुनर्जन्म लेकर उनके खानदान में जन्म लेना होगा'

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Dec 2025, 12:01 pm
news-banner

यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ब्रज दौरे में विपक्ष पर परिवारवाद का आरोप लगाया और 2027 में 2017 से बड़ी जीत का दावा किया। मथुरा में बांके बिहारी के दर्शन के साथ प्रदेश यात्रा की शुरुआत की।

यूपी भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने पहले ब्रज दौरे के दौरान विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विपक्षी गठबंधन को परिवारवाद का प्रतीक बताते हुए कहा कि सपा, राजद, कांग्रेस या तृणमूल कांग्रेस में अगर किसी को प्रदेश अध्यक्ष बनना है तो पहले उसे पुनर्जन्म लेकर उस पार्टी के खानदान में जन्म लेना होगा। पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ता के लिए अवसर खुले रहते हैं और योग्यता के आधार पर जिम्मेदारी मिलती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद और सर्वसमाज की पार्टी है और किसी भी तरह की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


भाजपा सर्वसमाज की पार्टी, अनुशासन से कोई समझौता नहीं
ब्रज क्षेत्र की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में पंकज चौधरी ने ब्राह्मण विधायकों की बैठक से जुड़े सवालों पर स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने सभी विधायकों और कार्यकर्ताओं को कड़े शब्दों में संदेश दिया है कि पार्टी की छवि और अनुशासन सर्वोपरि है। लखनऊ में जो भी घटनाक्रम हुआ, वह दोबारा नहीं होना चाहिए। अगर ऐसा हुआ तो भाजपा के संविधान के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कोई छोटा-बड़ा कार्यकर्ता नहीं होता, जहां जरूरत होती है पार्टी वहां जिम्मेदारी सौंपती है।


2027 में 2017 से बड़ी जीत का आह्वान
पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 का रिकॉर्ड तोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने टिकट न मिलने से निराश कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि हर निर्णय तर्क और मजबूरी के आधार पर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि टिकट मांगने वाले कई होते हैं, लेकिन मिलता एक को है, ऐसे में असंतोष स्वाभाविक है। पार्टी का प्रयास रहता है कि किसी भी कार्यकर्ता को ठेस न पहुंचे और हर निर्णय को तर्क के साथ समझाया जाए। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में समय है और सभी कार्यकर्ताओं को संगठन के साथ मिलकर काम करना चाहिए।


बांके बिहारी के दर्शन से प्रदेश यात्रा की शुरुआत
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी पहली बार प्रदेश यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने इसकी शुरुआत मथुरा में बांके बिहारी मंदिर के दर्शन-पूजन से की। उन्होंने कहा कि उन्होंने तय किया था कि यात्रा की शुरुआत बिहारी जी के आशीर्वाद से करेंगे। इसके बाद आगरा में उनका 40 से अधिक स्थानों पर स्वागत किया गया और ब्रज क्षेत्र की बड़ी बैठक आयोजित हुई, जिसमें सांसद, मंत्री, विधायक, जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष समेत करीब 700 पदाधिकारी मौजूद रहे। पंकज चौधरी ने बताया कि पश्चिमी यूपी के कार्यकर्ताओं को संदेश देने के लिए उन्होंने ब्रज क्षेत्र से ही अपनी यात्रा शुरू की है।

यह भी पढ़ें- संगठन को मजबूत करने निकले यूपी बीजेपी चीफ पंकज चौधरी, ये है पूरी प्लानिंग!

advertisement image