बस कुछ देर इंतजार, शाम 4 बजे जारी होगा यूपी बोर्ड का रिजल्ट, ऐसे चेक करें अपना परीक्षा परिणाम

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 23 Apr 2026, 01:01 pm
news-banner

यूपी बोर्ड 12वीं का रिजल्ट आज शाम 4 बजे जारी होगा। छात्र वेबसाइट और डिजिलॉकर पर नतीजे देख सकेंगे। टॉपर्स लिस्ट भी जारी होगी और फेल छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा का मौका मिलेगा।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 12वीं कक्षा का रिजल्ट आज गुरुवार शाम 4 बजे जारी किया जाएगा। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि छात्र ऑफिशियल वेबसाइट के साथ-साथ डिजिलॉकर पर भी अपना परिणाम देख सकेंगे। इस बार रिजल्ट पिछले साल के मुकाबले दो दिन पहले जारी हो रहा है, जिससे छात्रों में उत्साह के साथ-साथ थोड़ी घबराहट भी देखी जा रही है। परीक्षा फरवरी से मार्च के बीच आयोजित की गई थी और अब लाखों छात्रों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। रिजल्ट जारी होते ही छात्र अपने रोल नंबर की मदद से आसानी से अपना स्कोर चेक कर सकेंगे।


टॉपर्स लिस्ट भी होगी जारी, बेटियों का दबदबा जारी

रिजल्ट के साथ ही टॉपर्स की सूची भी जारी की जाएगी। जो छात्र-छात्राएं प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल करेंगे, उन्हें राज्य सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा। पिछले कुछ वर्षों से 12वीं के परिणाम में छात्राओं का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। वर्ष 2025 में लड़कियों का पास प्रतिशत 86.37 रहा, जबकि लड़कों का 76.60 प्रतिशत था। इसी तरह 2024 और 2023 में भी छात्राओं ने बाजी मारी थी। टॉप-3 में भी अधिकतर छात्राएं ही शामिल रही थीं, जो शिक्षा के क्षेत्र में उनकी बढ़ती भागीदारी और सफलता को दर्शाता है।


करीब 24 लाख छात्रों ने दी परीक्षा, बड़ी संख्या में अनुपस्थित

बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष 24 लाख 79 हजार से ज्यादा छात्रों ने 12वीं परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक प्रदेश के 75 जिलों में बनाए गए 8033 केंद्रों पर आयोजित हुई। हालांकि करीब 1.26 लाख छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी थी, जबकि लगभग 23.54 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए। कॉपियों के मूल्यांकन के लिए 254 केंद्र बनाए गए थे और 55 हजार से ज्यादा शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। 18 मार्च से 4 अप्रैल तक मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी की गई।


फेल छात्रों को मिलेगा मौका, स्क्रूटिनी की भी सुविधा

रिजल्ट जारी होने के बाद जो छात्र एक या दो विषयों में फेल होंगे, उन्हें कंपार्टमेंट परीक्षा के जरिए पास होने का मौका मिलेगा। इसके लिए बोर्ड की ओर से आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं होंगे, वे स्क्रूटिनी के लिए आवेदन कर सकेंगे, जिसमें कॉपियों की दोबारा जांच की जाएगी। बोर्ड ने यह भी बताया कि डिजिलॉकर पर मार्कशीट उपलब्ध कराई जाएगी और बाद में स्कूलों के जरिए हार्ड कॉपी दी जाएगी। इससे छात्रों को अपने दस्तावेज समय पर और सुरक्षित तरीके से मिल सकेंगे।


यह भी पढ़ें- यूपी में स्कूलों का समय बदला, सुबह 7:30 से लगेगी क्लास, बच्चों को धूप और गर्मी से बचाने की कोशिश

advertisement image