सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे, प्यार से नहीं माने तो दूसरा तरीका अपनाएंगे: सीएम योगी

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 18 May 2026, 06:04 pm
news-banner

बकरीद से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़कों पर नमाज को लेकर सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नमाज तय स्थानों पर ही पढ़ी जाए और कानून व्यवस्था से समझौता नहीं होगा। साथ ही यूपी के विकास, निवेश और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की उपलब्धियां भी गिना

यूपी में बकरीद से पहले सड़कों पर नमाज को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी को भी सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि नमाज तय स्थानों पर ही पढ़ी जाए। अगर संख्या अधिक है तो लोग शिफ्ट में नमाज अदा करें, लेकिन सड़क पर अराजकता फैलाने की इजाजत नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें आम लोगों के आने-जाने के लिए हैं और किसी को भी ट्रैफिक बाधित करने का अधिकार नहीं दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार नमाज का विरोध नहीं कर रही, लेकिन सार्वजनिक व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाएगी।


तय स्थानों पर ही होगी नमाज, कानून से नहीं होगा समझौता

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोग उनसे पूछते हैं कि क्या यूपी में अब भी सड़कों पर नमाज होती है, तो उनका जवाब होता है- “कतई नहीं।” उन्होंने कहा कि सभी को कानून के दायरे में रहकर काम करना होगा। योगी ने कहा कि अगर किसी जगह नमाजियों की संख्या ज्यादा है तो मस्जिदों और ईदगाहों में अलग-अलग समय पर नमाज पढ़ी जा सकती है। उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण का भी जिक्र करते हुए कहा कि क्षमता से अधिक संख्या बढ़ने पर व्यवस्थाएं प्रभावित होती हैं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बरेली में हुए पुराने विवाद का हवाला देते हुए कहा कि वहां लोगों ने “ताकत आजमाने” की कोशिश की थी, लेकिन सरकार ने कानून के अनुसार कार्रवाई की।


प्रदेश के विकास और कानून व्यवस्था का भी किया जिक्र

सीएम योगी ने अपने संबोधन में यूपी के विकास मॉडल और कानून व्यवस्था पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश की पहचान कट्टा और बम से होती थी, लेकिन अब यहां ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक माहौल से निवेश आता है और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यूपी अब ‘बीमारू राज्य’ नहीं बल्कि ‘रेवेन्यू सरप्लस स्टेट’ बन चुका है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि अब महिलाएं रात में भी सुरक्षित तरीके से काम कर घर लौट रही हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में संतुलित विकास पर काम किया जा रहा है और यूपी को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।


यह भी पढ़ें- योगी मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा, किसे मिली क्या जिम्मेदारी? देखें पूरी लिस्ट

advertisement image