Curated By:
shivnowup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 07 Jan 2026, 10:48 am
उत्तर प्रदेश में ठंड ने एक बार फिर तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ों से आ रही करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली बर्फीली पछुआ हवाओं के साथ घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। मंगलवार को इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार की सुबह भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में धुंध और घने कोहरे के साथ शुरू हुई। कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जिससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है, यानी ठंड अभी और सताएगी।
39 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए यूपी के 39 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कानपुर, आगरा, प्रयागराज, बाराबंकी, कुशीनगर और गोरखपुर जैसे शहरों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रही। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में रात, सुबह और शाम के समय गलन बनी रहेगी। ठंडी पछुआ हवाओं के कारण तापमान सामान्य से काफी नीचे चल रहा है। बांदा, फतेहपुर, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर समेत कई जिलों में कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।
45 जिलों में शीत दिवस की चेतावनी, दिन का पारा भी गिरा
मौसम विभाग ने 45 जिलों में शीत दिवस की चेतावनी जारी की है, जहां दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, हमीरपुर समेत कई जिलों में ठंड का असर दिन में भी बना रहेगा। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को धूप निकलने के बावजूद राहत नहीं मिल पा रही है।
राजधानी लखनऊ में भी गलन से बेहाल लोग
लखनऊ में भी पहाड़ों से आ रही बर्फीली पछुआ हवाओं ने ठंड को और तीखा कर दिया है। मंगलवार को दोपहर तक करीब 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं के कारण दिन का अधिकतम तापमान 3.8 डिग्री गिरकर 14.8 डिग्री सेल्सियस रह गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री की गिरावट के साथ 7 डिग्री पर पहुंच गया। गलन इतनी ज्यादा रही कि लोगों को दिन में भी अलाव का सहारा लेना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी राजधानी में कोहरा छाया रहेगा। दोपहर में हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन ठंड और गलन से फिलहाल कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है।
यह भी पढ़ें- घने कोहरे के साथ बर्फीली हवाओं से कांपा पूरा यूपी, 10 मीटर से भी कम रही विजिबिलिटी, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम?