'देश के लोगों को जहर पिला रही भाजपा सरकार' SIR के मुद्दे पर जमकर बरसे अजय राय

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Dec 2025, 11:44 am
news-banner

यूपी कांग्रेस चीफ अजय राय ने मेरठ में जहर खाने वाले बीएलओ से अस्पताल में मुलाकात की है। उन्होंने पीड़ित का हालचाल जाना और संभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला है। आइए पूरा मामला जानते हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को मेरठ पहुंचे, जहां उन्होंने जहर खाने वाले बीएलओ मोहित चौधरी से एक लोकप्रिय अस्पताल में जाकर मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी बीएलओ के साथ खड़ी है और 14 दिसंबर को एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वाराणसी में जहरीला कफ सिरप बेचने वालों के खिलाफ अब तक कोई कठोर कार्रवाई नहीं हुई है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी को विकास की जगह बर्बादी की ओर धकेल दिया है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कठोर फैसलों की बात करते हैं, पर बच्चों को जहर पिलाने वालों पर कार्रवाई अब तक नहीं दिखी।


अजय राय ने वाराणसी में रोपवे परियोजना पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि दुनिया के घनी आबादी वाले किसी भी शहर के बीच में रोपवे नहीं बनाया जाता, लेकिन बनारस में यह हो रहा है, जिससे पूरा शहर अव्यवस्थित हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि गंगा की सफाई के दावों के बावजूद आज भी 18 नाले गंगा नदी में गिर रहे हैं, जो सरकार की योजनाओं की सच्चाई उजागर करते हैं।


एसआईआर प्रक्रिया पर उन्होंने गंभीर सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि पहले यह प्रक्रिया बहुत सहजता से होती थी, लेकिन अब इसे जल्दबाजी और दबाव में लागू किया जा रहा है, जिससे पूरा सिस्टम चरमरा गया है। बीएलओ पर लगातार दबाव बढ़ाया जा रहा है, जिसके चलते वे आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। राय ने आरोप लगाया कि उनसे दबाव में ऐसे काम कराए जा रहे हैं, जो उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आते और उनसे भाजपा विरोधी मतदाताओं के नाम हटवाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी कभी परिवारों के लिए सहारा हुआ करती थी, लेकिन अब यह बोझ और अभिशाप बनती जा रही है।


एसआईआर की समय सीमा बढ़ाए जाने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष से डरी हुई है। उत्तर प्रदेश की विशाल आबादी को देखते हुए यहां अधिक समय की जरूरत थी, लेकिन सरकार पर्याप्त समय नहीं दे रही, जिससे स्पष्ट होता है कि कहीं न कहीं प्रक्रिया में गड़बड़ी है।


यह भी पढ़ें- बंगाल में बनेगी बाबरी? नींव रखने के लिए ईंट-पत्थर लेकर निकले समर्थक, पूरा मामला जान आप भी कहेंगे- हंगामा तय

advertisement image