यूपी दिवस का उद्घाटन करने लखनऊ पहुंचे अमित शाह, सीएम योगी समेत पंकज चौधरी ने किया भव्य स्वागत

Curated By: | Hindi Now Uttar Pradesh • 24 Jan 2026, 01:03 pm
news-banner

यूपी दिवस समारोह में शामिल होने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंचे। सीएम योगी ने स्वागत किया। शाह एक जनपद–एक व्यंजन योजना की शुरुआत करेंगे और यूपी गौरव सम्मान प्रदान करेंगे। प्रदेशभर में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित यूपी दिवस समारोह में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंच गए। अमौसी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बुके भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके साथ ही संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और मंत्री मौजूद रहे। अमित शाह राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 24 से 26 जनवरी तक चलने वाले यूपी दिवस समारोह का उद्घाटन करेंगे।


प्रदेश की संस्कृति और व्यंजनों को मिलेगा नया मंच
यूपी दिवस समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘एक जनपद, एक व्यंजन (ODOC)’ योजना की औपचारिक शुरुआत करेंगे। इस योजना का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के हर जिले के पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। आयोजन स्थल पर प्रदेश की उपलब्धियों और सरकारी योजनाओं को दर्शाने के लिए चार बड़े जर्मन हैंगर लगाए गए हैं, जिनमें 200 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। यहां विभिन्न जिलों की संस्कृति, कला, हस्तशिल्प और खानपान को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में करीब 5000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा लखनऊ के साथ-साथ प्रदेश के सभी जिलों, देश के राजभवनों और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों में भी यूपी दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


यूपी गौरव सम्मान से पांच हस्तियों को किया जाएगा सम्मानित
समारोह के दौरान अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली पांच हस्तियों को ‘यूपी गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को यूपी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज संघर्ष और नीतिगत लाचारी की बेड़ियों को तोड़ते हुए बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। योगी ने कहा कि देश-विदेश में रहने वाले प्रवासी उत्तर प्रदेश और भारत का नाम रोशन कर रहे हैं और भविष्य में भी विकास में उनकी अहम भूमिका रहेगी।


भाजपा नेताओं ने बताया गर्व का दिन
यूपी दिवस समारोह को लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह दिन प्रदेश की 25 करोड़ जनता के लिए गर्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का सपना विकसित उत्तर प्रदेश से ही साकार होगा। वहीं, मंत्री दया शंकर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने जिस तेजी से प्रगति की है, उससे वह ‘उत्तम प्रदेश’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।


यह भी पढ़ें- विधायक रोमी साहनी का बड़ा दिल, बाघ के हमले में मारे गए मासूम के परिवार के लिए किया कुछ ऐसा, अब हर कोई कर रहा तारीफ

advertisement image