सिलेंडर के लिए हाहाकार, हापुड़ में लाइन में लगे युवक की हार्ट अटैक से मौत, उन्नाव में नाराज लोगों ने हाइवे किया जाम

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 24 Mar 2026, 04:29 pm
news-banner

यूपी में गैस सिलेंडर की किल्लत से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। हापुड़ में लाइन में लगे युवक को हार्ट अटैक आया, जबकि उन्नाव में लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। कई जिलों में लोग घंटों लाइन में लगकर भी सिलेंडर नहीं पा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत लगातार लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। मंगलवार सुबह हापुड़ में एक गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए लगी लंबी लाइन में खड़े 35 वर्षीय युवक पप्पू को अचानक हार्ट अटैक आ गया। वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे CPR देने की कोशिश की और फिर अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि पप्पू कविनगर का रहने वाला है और किराए पर कार चलाता है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में गैस को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है और लोग घंटों लाइन में लगने को मजबूर हैं।


लंबी लाइनों से बढ़ रही परेशानी, लोग बोले- नहीं मिल रहा सिलेंडर
प्रदेश के कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं। कानपुर में लोगों ने बताया कि OTP आने के बावजूद सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी पर पहुंचने के बाद उन्हें बताया जाता है कि उनकी बुकिंग ही नहीं हुई। एक महिला ने बताया कि उसके घर में पांच बेटियां हैं और बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहा। लोगों का कहना है कि रोज आने-जाने में पैसे खर्च हो रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा। अधिकारियों का दावा है कि गैस की कोई कमी नहीं है,

लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है।


उन्नाव में हाईवे जाम, लोगों का फूटा गुस्सा
उन्नाव में गैस एजेंसी बंद मिलने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया। इससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि बिना सूचना एजेंसी बंद कर दी जाती है, जिससे उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं, फर्रुखाबाद और पंजाब में भी पहले ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जहां गैस की लाइन में लगे लोगों को हार्ट अटैक आया था। इन घटनाओं ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


15 दिन से जारी संकट, लोग हो रहे परेशान
पिछले करीब 15 दिनों से प्रदेश में गैस सिलेंडर को लेकर संकट बना हुआ है। लोग कई-कई दिनों तक सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं, जिससे घरों में खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। कुछ लोगों ने बताया कि उनके बच्चों को कई दिन से ठीक से खाना नहीं मिल पा रहा है। प्रशासन लगातार दावा कर रहा है कि स्थिति सामान्य है, लेकिन लोगों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे में अब लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल हालात चिंताजनक बने हुए हैं।


यह भी पढ़ें- देश के कई राज्यों में कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई ठप, बंद होने की कगार पर रेस्टोरेंट्स और ढाबे, केंद्र सरकार ने 'आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955' किया लागू, आयात बंद होने से लिया फैसला

advertisement image