Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Dec 2025, 11:22 am
उत्तर प्रदेश विधानमंडल का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है। सत्र के पहले ही दिन सदन के गरमाने के आसार हैं। समाजवादी पार्टी समेत विभिन्न विपक्षी दल कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। इसके अलावा सदन में वंदे मातरम से जुड़ी चर्चा पर भी विपक्ष की ओर से विरोध दर्ज कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सत्र के पहले दिन सपा के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कफ सिरप कांड को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपये के कथित घोटाले के बावजूद सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहरीली कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत तक हुई है, फिर भी जिम्मेदार लोगों पर बुलडोजर जैसी सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या बुलडोजर का ड्राइवर भी कफ सिरप पीकर सो गया है। आशुतोष सिन्हा ने मांग की कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। सत्र को सुचारू और व्यवस्थित तरीके से चलाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक और कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी दलों के नेताओं ने सदन की कार्यवाही को शालीनता, मर्यादा और संसदीय परंपराओं के अनुरूप संचालित करने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी दलों से अपील की कि वे सदन में सकारात्मक संवाद स्थापित करें और संसदीय शिष्टाचार का पालन करते हुए अपनी बात रखें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बैठक में कहा कि सत्र के दौरान सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले विधेयकों पर विस्तृत चर्चा कराई जाएगी और सभी मुद्दों पर सार्थक बहस के लिए मंच उपलब्ध रहेगा। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सरकार सदन में उठाए जाने वाले हर विषय पर गंभीरता से जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं के समाधान का पहला केंद्र होते हैं, इसलिए सभी सदस्यों को सकारात्मक और रचनात्मक बहस में भाग लेना चाहिए।
यह भी पढ़ें- नए साल पर युवाओं के लिए खुशखबरी, योगी सरकार ने कर ली तैयारी, डेढ़ लाख लोगों को होगा फायदा!