Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 18 Dec 2025, 02:57 pm
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने यूपी पुलिस विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर विस्तृत नोटिफिकेशन देख सकते हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराना अनिवार्य है, जिसके लिए उन्हें www.upprpb.in वेबसाइट पर जाना होगा।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से पीसीएम (फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स) स्ट्रीम में 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास ‘ओ’ लेवल कंप्यूटर डिप्लोमा होना अनिवार्य रखा गया है। यह योग्यता कंप्यूटर ऑपरेटर पद की तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तय की गई है। आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2025 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का प्रावधान मिलेगा।
आवेदन शुल्क सामान्य, ईडब्ल्यूएस और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को 400 रुपये शुल्क देना होगा। चयन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को वेतनमान 25,500 से 81,100 रुपये प्रतिमाह मिलेगा। इसके अलावा अन्य भत्तों का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
टाइपिंग टेस्ट में अंग्रेजी के लिए 30 शब्द प्रति मिनट और हिंदी के लिए 25 शब्द प्रति मिनट की गति अनिवार्य होगी। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को सबसे पहले UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर OTR पंजीकरण करना होगा। इसके बाद कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के आवेदन लिंक पर क्लिक कर फॉर्म भरना होगा, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और अंतिम रूप से फॉर्म सब्मिट करना होगा।
यह भी पढ़ें- यूपी के युवाओं के लिए खुशखबरी, आठ हजार पदों पर निकली भर्ती, पूरा अपडेट जान खुश हो जाएंगे आप