Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Jan 2026, 11:21 am
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में कड़ाके की ठिठुरन महसूस की जा रही है। शनिवार सुबह आगरा समेत 35 जिले घने कोहरे की चपेट में रहे, जहां विजिबिलिटी 10 मीटर तक सिमट गई। हालात ऐसे हैं कि कई जगह सड़कें सुनसान नजर आईं और लोग घरों के बाहर अलाव जलाकर ठंड से बचने को मजबूर हैं। भीषण ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर के स्कूल और कॉलेज 5 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
घने कोहरे और सर्द हवाओं से जनजीवन बेहाल
प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही कोहरे की घनी चादर छाई रही। गोरखपुर में भयंकर ठंड से इंसानों के साथ-साथ जानवर भी कांपते नजर आए। चिड़ियाघर में तेंदुए के लिए हीटर लगाए गए हैं, जबकि हल्की धूप निकलने पर शेर, जिराफ और अन्य जानवर बाड़ों में टहलते दिखे। वाराणसी में सुबह हल्की बूंदाबांदी से ठिठुरन और बढ़ गई। वहीं बलिया में सुबह 9 बजे के बाद बादल घने हो गए, जिससे अंधेरा सा छा गया। तेज पछुआ हवाओं के साथ बारिश जैसे कुहासे ने गलन को और बढ़ा दिया। देवरिया, मऊ और आजमगढ़ समेत पूर्वांचल के कई जिलों में हालात एक जैसे बने हुए हैं।
रेल-हवाई यातायात पर असर, उड़ानें रद्द
कोहरे और खराब मौसम का असर यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। वाराणसी समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 70 से ज्यादा ट्रेनें 2 से 14 घंटे की देरी से चल रही हैं। देवरिया रेलवे स्टेशन पर दिल्ली और बिहार की ओर से आने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनें करीब छह घंटे लेट पहुंचीं, जबकि कुछ पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। हवाई सफर भी प्रभावित हुआ है। गोरखपुर समेत कई एयरपोर्ट्स पर 10 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाराबंकी सबसे ठंडा, तीन दिन कोल्ड वेव का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे में बाराबंकी और हरदोई प्रदेश के सबसे ठंडे जिले रहे, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गोरखपुर में 6.4 डिग्री, आजमगढ़ में 6.9 डिग्री और कानपुर में 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भीषण कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के कारण दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट की संभावना है। लोगों को बेहद जरूरी न होने पर यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में माघ मेले का पहला स्नान आज, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी