Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 04 Apr 2026, 12:21 pm
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीती रात से कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का असर देखने को मिला। आगरा में ओले गिरे, जबकि मथुरा और संभल में बारिश हुई। कासगंज में दर्दनाक हादसे में पेड़ गिरने से भाई-बहन की जान चली गई। शनिवार सुबह से मेरठ, गाजियाबाद समेत करीब 20 शहरों में बादल छाए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं।
35 जिलों में बारिश-ओले का अलर्ट, तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज 35 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। वहीं 55 जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और अरब सागर से आ रही नमी भरी हवाओं के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। यह स्थिति 9 अप्रैल तक बनी रह सकती है। 7 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे पश्चिमी यूपी, मध्यांचल और बुंदेलखंड में ज्यादा असर देखने को मिलेगा।
बारिश और बिजली गिरने से कई मौतें, फसलों को भारी नुकसान
मौसम के इस बदलाव ने जनजीवन पर भी असर डाला है। कासगंज में आंधी के दौरान पेड़ गिरने से भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि प्रदेश में पिछले 48 घंटे में बिजली गिरने से 5 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें वाराणसी, चित्रकूट और ललितपुर के मामले शामिल हैं।
मथुरा में बारिश से अनाज मंडी में हजारों बोरी गेहूं भीग गया, वहीं आगरा में कई कच्चे मकान ढह गए। बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 15 दिनों में करीब 15 हजार किसानों की 4300 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है।
अगले 5 दिन ऐसा रहेगा मौसम, प्रशासन अलर्ट पर
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में कहीं न कहीं बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी रह सकता है। 5 अप्रैल को तेज आंधी और ओले, 6 अप्रैल को हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका, जबकि 7 से 9 अप्रैल तक अलग-अलग हिस्सों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और जिलाधिकारियों को फसल नुकसान का आकलन कर किसानों को राहत देने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जाएगी, ताकि इस आपदा से हुए नुकसान की भरपाई की जा सके।
यह भी पढ़ेंं- यूपी में लखनऊ समेत 20 शहरों में बारिश, फर्रुखाबाद में जमकर गिरे ओले, अभी 40 जिलों में अलर्ट, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम