यूपी में फिर मौसम ने लिया करवट, 10 जिलों में रिमझिम बारिश, 20 जिलों में अलर्ट, आने वाले दिनों में भीगेगा पूरा प्रदेश

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 23 Mar 2026, 10:45 am
news-banner

यूपी में एक हफ्ते से बारिश जारी है। 20 जिलों में अलर्ट है और पश्चिमी यूपी में आज दिनभर बारिश होगी। 26 मार्च से फिर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे दोबारा बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

उत्तर प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से जारी बारिश का दौर अभी थमा नहीं है। सोमवार सुबह से नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बरेली समेत करीब 10 जिलों में हल्की बारिश हो रही है, जबकि संभल में आंधी के साथ तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिनमें ज्यादातर पश्चिमी यूपी के इलाके शामिल हैं। वहीं, पूर्वांचल के कई जिलों में मौसम साफ है और हल्की धूप के साथ ठंडक महसूस की जा रही है।


पश्चिमी यूपी में दिनभर बारिश, कल से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी में आज पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। हालांकि, मंगलवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक, फिलहाल कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह स्थिति बनी हुई है। अगले 2-3 दिन मौसम साफ रहेगा, लेकिन 26 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे फिर से पूरे प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।


इन जिलों में ऐसा रहा मौसम का हाल

गाजियाबाद में सुबह बूंदाबांदी के साथ आसमान में काले बादल छाए रहे। मेरठ में हल्की बारिश और ठंडी हवा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। नोएडा में देर रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आगरा में भी बादल छाए रहने से हल्की ठंडक बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में बाराबंकी और महाराजगंज समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि लखीमपुर खीरी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और कानपुर में न्यूनतम 13.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।


आंधी-बारिश से फसलों पर असर, किसानों को सलाह

बारिश और तेज हवाओं का असर अब खेती पर भी दिखने लगा है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, इस मौसम का सबसे ज्यादा असर गेहूं, अरहर, सरसों, चना और सब्जियों की फसलों पर पड़ रहा है। तेज हवा के कारण फसल गिरने और दाने झड़ने का खतरा बढ़ गया है। किसानों को सलाह दी गई है कि जो फसल तैयार हो चुकी है, उसकी तुरंत कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें। साथ ही खेतों में जलभराव न होने दें और पानी की निकासी का उचित इंतजाम करें, ताकि नुकसान को कम किया जा सके।


यह भी पढ़ें- लखनऊ में झमाझम बारिश के बाद मौसम हुआ सुहाना, धूप-छांव के बीच चल रही ठंडी बयार, दो दिन में गिरा रिकॉर्ड पारा

advertisement image