यूपी में धूप के बाद भी गलन बरकरार, इन शहरों में हिल स्टेशन जैसे हालात, 2 डिग्री पहुंचा पारा

Curated By: | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Jan 2026, 01:19 pm
news-banner

यूपी में शीतलहर का असर तेज हो गया है। मुजफ्फरनगर 2.1 डिग्री के साथ सबसे ठंडा जिला रहा। मेरठ, बरेली समेत कई जिलों में पाला पड़ने की संभावना है। 15 जनवरी के बाद तापमान बढ़ने के संकेत हैं।

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर साफ नजर आया। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी हो गई, जिससे बीते 48 घंटों में दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मेरठ 2.9 डिग्री और बरेली 3 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडे जिलों की सूची में शामिल रहे। राजधानी लखनऊ में भी इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया, हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली।


पश्चिमी यूपी में शीतलहर और पाले का असर
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे चला गया है। मेरठ, मुजफ्फरनगर और बरेली में शीतलहर की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग ने आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और रूहेलखंड मंडल के जिलों में रात के समय शीतलहर के साथ पाला पड़ने की संभावना जताई है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत और संभल जैसे जिलों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। वहीं उत्तरी तराई और दक्षिणी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं, जो दिन चढ़ने के साथ छंट जाएगा और धूप निकलने से राहत मिलेगी।


15 जनवरी से तापमान बढ़ने के संकेत
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 15 जनवरी के बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चल रही शीतलहर से धीरे-धीरे निजात मिलने की संभावना है। हालांकि तापमान बढ़ने के साथ-साथ कोहरे के क्षेत्रफल और घनत्व में बढ़ोतरी हो सकती है। 16 जनवरी से सुबह के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं। 18 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो सकती है, जिसका असर अगले 2-3 दिनों तक देखने को मिल सकता है।


राजधानी लखनऊ में सीजन की सबसे सर्द रात
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम है। मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले के वर्षों में इससे भी कम तापमान रिकॉर्ड किया जा चुका है। दिन में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक-दो दिन रातें बेहद सर्द रहेंगी, लेकिन दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना बना रहेगा। बृहस्पतिवार देर शाम या शुक्रवार से तापमान में बढ़ोतरी का क्रम शुरू हो सकता है।


यह भी पढ़ें- यूपी में अगले दो दिन भीषण ठंड का अलर्ट, पड़ेगा भयानक कोहरा, जानें मौसम को लेकर पूरा अपडेट!

advertisement image