UPSC 2026 में बिहार का दबदबा, टॉप-20 में 5 अभ्यर्थी, देशभर में चर्चा

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 07 Mar 2026, 12:39 pm
news-banner

मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला को ऑल इंडिया 4वीं रैंक, वैशाली, सारण, औरंगाबाद और नवादा के अभ्यर्थियों ने भी बनाई टॉप-20 में जगह।

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के नतीजों में इस बार बिहार के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन खासा चर्चा में है। जारी परिणामों के अनुसार टॉप-20 की सूची में बिहार के पांच उम्मीदवारों ने जगह बनाई है, जिससे राज्य के प्रदर्शन की व्यापक चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर के राघव झुनझुनवाला ने ऑल इंडिया रैंक 4 हासिल कर बिहार में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उनके इस प्रदर्शन से मुजफ्फरपुर समेत पूरे राज्य में खुशी का माहौल है।


वहीं वैशाली के उज्ज्वल प्रियांक ने 10वीं रैंक हासिल की है। सारण जिले के यशस्वी राजवर्धन 11वीं रैंक के साथ सूची में शामिल हैं। औरंगाबाद की मोनिका श्रीवास्तव ने 16वीं रैंक प्राप्त की, जबकि नवादा के रविराज ने 20वीं रैंक हासिल कर टॉप-20 में जगह बनाई है। अगर विस्तृत सूची की बात करें तो बिहार के अन्य कई अभ्यर्थियों ने भी इस परीक्षा में सफलता हासिल की है। पटना जिले के पंडारक निवासी इशित्व आनंद ने 50वीं रैंक प्राप्त की है। वहीं पटना के कुथौल के रहने वाले आकाश कुमार को 101वीं रैंक मिली है।


इसके अलावा नालंदा खुला विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर अभय कुमार सिंह के बेटे अभिषेक सिंह चौहान ने 102वीं रैंक हासिल की है। समस्तीपुर के आयुष कुमार को 143वीं रैंक मिली है, जबकि भोजपुर की रुचि सिंह ने 171वीं रैंक प्राप्त कर सफलता दर्ज की है। इस बीच 301वीं रैंक को लेकर भी चर्चा सामने आई है। बताया जा रहा है कि दो अलग-अलग अभ्यर्थियों ने इस रैंक को लेकर चयन का दावा किया है। इनमें एक भोजपुर के ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती आकांक्षा सिंह बताई जा रही हैं, जबकि दूसरी गाजीपुर की आकांक्षा सिंह हैं, जो एम्स पटना की गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी हैं। कुल मिलाकर इस बार यूपीएससी परीक्षा में बिहार के 50 से अधिक अभ्यर्थियों के चयन की जानकारी सामने आई है। आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस बार बिहार के उम्मीदवारों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। पिछली बार टॉप-10 में बिहार का कोई भी नाम नहीं था, जबकि इस बार दो अभ्यर्थियों ने टॉप-10 में जगह बनाई है। -आशीष शुक्ला, सह-संपादक की रिपोर्ट।


यह भी पढ़ें- UPSC में उत्तर प्रदेश का दबदबा, किराने वाले की बेटी आस्था जैन ने हासिल की 9वीं रैंक!

advertisement image