Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Feb 2026, 01:18 pm
वाराणसी जिला एवं सत्र न्यायालय को मंगलवार को एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिली। कोर्ट की आधिकारिक मेल आईडी पर भेजे गए संदेश में दोपहर ठीक 1 बजे कचहरी परिसर में 15 बम विस्फोट करने की बात लिखी गई थी। मेल कथित तौर पर आकाश क्षत्रियान नाम से भेजा गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए। भारी पुलिस बल के साथ कैंपस को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि कई घंटों की जांच के बाद भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। लगातार दस दिनों में यह तीसरी बार है जब कचहरी को इस तरह की धमकी मिली है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
कैंपस में दो घंटे चला सर्च अभियान
एसीपी कैंट Nitin Taneja ने बताया कि मेल मिलते ही दो थानों की फोर्स, पीएसी और डॉग स्क्वॉड को मौके पर भेजा गया। कचहरी परिसर के अंदर और बाहर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। करीब दो घंटे तक चले अभियान में अदालत कक्षों, कार्यालयों और पार्किंग क्षेत्र की गहन जांच की गई। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में भी चेकिंग अभियान चलाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर वकीलों और वादकारियों को सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है, लेकिन सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही।
मुकदमा दर्ज, साइबर टीम जांच में जुटी
थाना प्रभारी कैंट Shivakant Mishra के अनुसार मुख्य प्रशासनिक अधिकारी की तहरीर पर बीएनएस की धारा 351(3) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मेल आईडी के आधार पर आरोपी का पता लगाने के लिए साइबर विशेषज्ञों की टीम जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही जिम्मेदार लोगों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कचहरी परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है।
यह भी पढे़ं- BREAKING: लखनऊ-काशी समेत यूपी की 5 अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी, मच गया हड़कंप, लोगों की एंट्री पर बैन, पुलिस कर रही छानबीन