Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 11 May 2026, 11:14 am
वाराणसी में सोमवार को जम्मू-तवी एक्सप्रेस ट्रेन में एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने यात्री को बाथरूम से बाहर निकलते ही सिर में गोली मारी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना रनिंग स्टाफ को दी। मृतक बिहार के गया जिले का रहने वाला था और अपनी पत्नी व रिश्तेदारों के साथ सीतापुर स्थित नैमिशारण्य धाम जा रहा था। वारदात मुगलसराय और वाराणसी रेलवे स्टेशन के बीच हुई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीमें सक्रिय हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। लगातार दूसरे दिन ट्रेन में हत्या की घटना सामने आने से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
बाथरूम से निकलते ही मारी गोली, यात्रियों में मची भगदड़
जानकारी के मुताबिक बिहार के गया जिले के पिपरिया के बारचकी क्षेत्र निवासी दिनेश शाह अपनी पत्नी के साथ कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस के एस-2 कोच में सफर कर रहे थे। वहीं उनकी बहन, दो बच्चे और अन्य रिश्तेदार जनरल डिब्बे में यात्रा कर रहे थे। रविवार देर रात करीब 2 बजे ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से आगे बढ़ी थी। इसी दौरान ब्लॉक हट-बी के पास बाथरूम के नजदीक किसी ने दिनेश शाह को सिर में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर कोच में बैठे यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग मौके पर पहुंचे तो दिनेश शाह खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। घटना की सूचना तुरंत ट्रेन स्टाफ को दी गई। रात 2:42 बजे ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची, जहां शव को नीचे उतारकर पुलिस ने कब्जे में लिया।
लूटपाट नहीं हुई, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
रेलवे पुलिस के मुताबिक मृतक के पास से करीब 15 हजार रुपए नकद मिले हैं और उनकी पत्नी के जेवर भी सुरक्षित हैं। हमलावरों ने किसी तरह की लूटपाट नहीं की और ना ही उनकी पत्नी को नुकसान पहुंचाया। ऐसे में पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी जीआरपी प्रशांत वर्मा, क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह और आरपीएफ अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे पुलिस की एक टीम ट्रेन के साथ आगे रवाना की गई है ताकि यात्रियों से पूछताछ कर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। वहीं दूसरी टीम मृतक के गांव भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- सुवेंदु अधिकारी पीए हत्याकांड, चंद्रनाथ को सुपारी देकर मरवाने का दावा, हमलावरों की दूसरी बाइक बरामद, 13 साल में 3 करीबी खो चुके बीजेपी नेता