Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Mar 2026, 06:13 pm
वाराणसी के काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 पर सीवर की गैस से चाय बनाने की कोशिश करना NSUI कार्यकर्ताओं को महंगा पड़ गया। इस मामले में सिगरा थाना पुलिस ने छह नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से हिरासत में लिए गए किशन निगम और भरतलाल निगम का शांतिभंग में चालान भी कर दिया है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में एलपीजी गैस की किल्लत के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा था। रविवार दोपहर करीब 2 बजे NSUI के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 पर इकट्ठा हुए और प्रतीकात्मक विरोध के तौर पर नाले के ऊपर गैस चूल्हा रखकर सीवर की गैस से चाय बनाने की कोशिश करने लगे।
एलपीजी किल्लत के विरोध में किया जा रहा था प्रदर्शन
NSUI के पूर्वी क्षेत्र अध्यक्ष ऋषभ पांडेय के आह्वान पर कार्यकर्ता विश्वविद्यालय गेट पर जुटे थे। प्रदर्शन के दौरान ऋषभ पांडेय ने नाले के ऊपर गैस चूल्हा रखकर सीवर की गैस से चाय बनाने की कोशिश की। इसी बीच सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को ऐसा करने से मना किया, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने मौके से चूल्हा समेत अन्य सामान जब्त कर लिया और दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
मेस बंद होने और गैस की कमी का लगाया आरोप
प्रदर्शन के दौरान ऋषभ पांडेय ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय परिसर में गैस की भारी कमी है। इसके कारण कई जगहों पर मेस ठीक से नहीं चल पा रहे हैं और छात्र-छात्राओं को भोजन करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि गैस की समस्या से छात्रों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रहा है। इसी समस्या को लेकर NSUI कार्यकर्ता विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे।
छह नामजद सहित अज्ञात पर दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद विद्यापीठ चौकी प्रभारी की तहरीर पर सिगरा थाना पुलिस ने छह नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। जिन लोगों पर मामला दर्ज हुआ है उनमें ऋषभ पांडेय, आशीष मौर्या, रंजीत सेठ, किशन निगम, भरतलाल निगम और जतिन पटेल शामिल हैं। इन पर बीएनएस की धारा 132, 285 और 223 के तहत यातायात व्यवस्था में बाधा पहुंचाने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। मौके से पकड़े गए किशन निगम और भरतलाल निगम का शांतिभंग में चालान किया गया है।
यह भी पढ़ें- यूपी से आई हैरान करने वाली खबर, सेक्सुअल डिसआर्डर से पीड़ित युवक ने मलाशय में डाली एक लीटर की बोतल, डॉक्टरों ने एक घंटे सर्जरी कर बचाई जान