Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 20 Mar 2026, 02:38 pm
वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) परिसर में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े बीएससी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने क्लासरूम के बाहर छात्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कई राउंड फायरिंग की। वारदात के बाद कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राएं डर के माहौल में इधर-उधर भागते नजर आए। घायल छात्र को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्लास के बाहर चली गोलियां, आरोपी ने छात्रों पर भी तानी पिस्टल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के वक्त छात्र क्लास में मौजूद थे, तभी अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। छात्र के दोस्त सर्वेश पांडेय ने बताया कि आवाज सुनकर जब वे बाहर पहुंचे तो आरोपी मंजीत नाम का युवक गोली चला रहा था। उसने रोकने की कोशिश करने वालों पर भी पिस्टल तान दी। बताया जा रहा है कि हमलावर ने करीब 4 राउंड फायरिंग की और फिर पिस्टल को कूड़े के ढेर में फेंककर फरार हो गया। मृतक छात्र की पहचान 23 वर्षीय सूर्य प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो गाजीपुर का रहने वाला था।
हत्या के बाद छात्रों का हंगामा, कैंपस में तोड़फोड़
इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया और कैंपस में तोड़फोड़ की। गेट के बाहर भी दुकानों को निशाना बनाया गया। हालात को देखते हुए पुलिस ने कॉलेज के गेट बंद कर दिए और आसपास की 150 से ज्यादा दुकानें भी बंद कराई गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सात थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
पुलिस जांच में जुटी, वजह अब तक साफ नहीं
मौके पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- आगरा में पेड़ से टरकराई बोलेरो, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, नवरात्रि के पहले दिन कैला देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था परिवार