Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Apr 2026, 10:44 am
वाराणसी में बुधवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और देखते ही देखते तेज धूल भरी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। हालात ऐसे बने कि दिन में ही अंधेरा छा गया और लोगों को गाड़ियों की लाइट जलानी पड़ी। कुछ ही देर में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरने लगे, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। शहर के कई इलाकों में लोग ओले हाथ में लेकर देखते नजर आए। फिलहाल शहर में लगातार बारिश जारी है और तेज हवाओं के साथ बिजली भी चमक रही है। मौसम में इस अचानक बदलाव से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत भी महसूस हुई।
दोपहर में गर्मी, शाम तक ठंडक का एहसास
दोपहर करीब 2 बजे तक वाराणसी में तेज धूप और गर्मी का असर था, तापमान 39 से 40 डिग्री के बीच बना हुआ था। लेकिन अचानक नम हवाएं चलनी शुरू हुईं और कुछ ही देर में मौसम पूरी तरह बदल गया। धूल भरी आंधी के साथ आसमान में काले बादल छा गए और फिर तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान तापमान गिरकर करीब 21 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को अचानक ठंडक का एहसास हुआ। शाम 6 बजे तक तापमान 33 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। इस दौरान तेज हवाएं लगातार चलती रहीं और बारिश का सिलसिला थमा नहीं, जिससे पूरे शहर का माहौल बदल गया।
पेड़ और साइन बोर्ड गिरे, बाल-बाल बचे लोग
तेज आंधी और बारिश का असर शहर के कई इलाकों में देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में कई पेड़ गिर गए और उनकी टहनियां सड़कों पर आ गिरीं, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई। लहुराबीर इलाके में पिशाचमोचन मार्ग के पास लगा एक साइन बोर्ड भी तेज हवा के कारण गिर गया, जिसमें एक ई-रिक्शा फंस गया। वहीं नदेसर क्षेत्र में एक कार पर पेड़ गिरने की घटना भी सामने आई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मौसम के इस अचानक बदलाव ने सबको चौंका दिया।
4 मई तक जारी रहेगा ऐसा मौसम, अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। पूर्वांचल, अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्र के 58 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 5 दिन यानी 4 मई तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आएगी। हालांकि दिन में धूप निकलने पर उमस बढ़ सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- यूपी में गर्मी ने दिखाने शुरू किए तेवर, 45 डिग्री पहुंचा पारा, स्कूलों की टाइमिंग बदली