पश्चिम बंगाल में कई जगह हिंसा, टीएमसी कार्यकर्ताओं ने सुवेंदु को घेरा, बीजेपी उम्मीदवार की कार तोड़ी, खबर में जानें दिनभर के अपडेट

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 29 Apr 2026, 05:58 pm
news-banner

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में कई सीटों पर हिंसा, झड़प और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। भाजपा और टीएमसी ने एक-दूसरे पर हमलों के आरोप लगाए, वहीं EVM में गड़बड़ी को लेकर विवाद बढ़ा। तनाव के बीच मतदान जारी है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान कई इलाकों से हिंसा और झड़प की खबरें सामने आई हैं। मतदान के बीच अलग-अलग जिलों में मारपीट, तोड़फोड़ और आरोप-प्रत्यारोप ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। नादिया जिले के छपरा में भाजपा पोलिंग एजेंट ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया, जबकि शांतिपुर में भाजपा कैंप पर भी हमला होने की बात कही गई है।


नादिया से हुगली तक झड़पें, कई घायल
छपरा विधानसभा क्षेत्र के हतरा पंचायत में भाजपा एजेंट मुशर्रफ मीर ने आरोप लगाया कि सुबह करीब 5:30 बजे उन पर रॉड और हथियारों से हमला किया गया। बाद में पुलिस ने उन्हें बचाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनके सिर पर टांके लगाए गए। वहीं बीजपुर में टीएमसी पार्षद और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच पोलिंग बूथ के पास बहस के बाद मारपीट हो गई, जिसे पुलिस ने हस्तक्षेप कर शांत कराया। हुगली के खानकुल इलाके में नकली पोलिंग एजेंट के आरोप को लेकर टीएमसी और आईएसएफ समर्थकों के बीच भी टकराव हुआ।


भाजपा का आरोप—हमले और EVM में गड़बड़ी
भाजपा उम्मीदवारों ने कई जगह हमले के आरोप लगाए हैं। पानीहाटी से भाजपा प्रत्याशी रत्ना देबनाथ ने दावा किया कि उनके साथ टीएमसी समर्थकों ने धक्का-मुक्की की। वहीं साउथ 24 परगना के बसंती में भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार ने आरोप लगाया कि उनकी कार में तोड़फोड़ की गई और सुरक्षाकर्मी की बंदूक छीनने की कोशिश हुई। इसके अलावा डायमंड हार्बर के फलता इलाके में ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए भाजपा ने कहा कि उनके बटन पर टेप लगाया गया था। चुनाव आयोग ने कहा है कि शिकायत सही पाए जाने पर दोबारा मतदान कराया जाएगा।


प्रदर्शन, लाठीचार्ज और हिरासत की घटनाएं
भवानीपुर सीट पर भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी को टीएमसी समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ा, जहां नारेबाजी की गई। हालात बिगड़ने पर सीआरपीएफ और पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। हावड़ा के बाली में ईवीएम खराबी को लेकर हंगामा हुआ, जहां केंद्रीय बलों ने दो लोगों को हिरासत में लिया।


कुल मिलाकर तनावपूर्ण माहौल में मतदान जारी
श्यामपुकुर में भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ प्रदर्शन और कई अन्य जगहों पर तनाव की घटनाओं के बीच मतदान जारी है। दूसरे चरण की यह 142 सीटें राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही हैं, जहां 2021 में टीएमसी ने बड़ी जीत दर्ज की थी। हिंसा और आरोपों के बावजूद मतदाता लगातार मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। अब सभी की नजरें 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जो राज्य की राजनीति की दिशा तय करेंगे।


यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में चुनाव के बीच बवाल, हिंसा की खबर, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, सेकेंड फेज में 142 सीटों पर वोटिंग

advertisement image