Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 09 May 2026, 10:36 am
पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज ऐतिहासिक दिन माना जा रहा है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पहली बार राज्य में भाजपा सरकार बनने जा रही है, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, एनडीए नेताओं और भाजपा शासित राज्यों के करीब 20 मुख्यमंत्री शामिल होंगे। शुक्रवार को कोलकाता के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को नेता चुना गया था। इसके बाद अमित शाह ने उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया। फिर सुवेंदु अधिकारी ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। सुबह से ही ब्रिगेड परेड ग्राउंड के आसपास भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। कार्यक्रम में करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
भव्य तैयारियों के बीच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर ब्रिगेड परेड ग्राउंड को बंगाल की सांस्कृतिक थीम पर सजाया गया है। पूरे मैदान में वाटरप्रूफ टेंट लगाए गए हैं ताकि मौसम कार्यक्रम में बाधा न बने। मैदान में झालमुड़ी और रसगुल्ला के स्टॉल भी लगाए गए हैं, जिससे बंगाल की पारंपरिक झलक दिखाई दे रही है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 4 हजार जवानों की तैनाती की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे, जहां सुवेंदु अधिकारी ने एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत किया। शपथ समारोह के लिए सुवेंदु अधिकारी खास भगवा कुर्ते में नजर आए। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह पश्चिम बंगाल में विकास और नई राजनीति की शुरुआत है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और कई केंद्रीय मंत्री भी समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम को लेकर पूरे शहर में राजनीतिक हलचल तेज बनी हुई है।
भाजपा नेताओं ने बताया राजनीतिक बदलाव का नया दौर
शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर विशेष संदेश साझा किया। वहीं भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार लोगों की उम्मीदों और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने लंबे संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया है। मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने भी कहा कि अब पश्चिम बंगाल में बदलाव और विकास दोनों दिखाई देंगे। कार्यक्रम में आने वाले वीआईपी मेहमानों के लिए खास लंच की व्यवस्था की गई है। मेन्यू में आलू दम, काली दाल, पुलाव, मिक्स वेज, मसाला कुल्चा, बैंगन भाजा, आलू पोश्तो और मिठाई में गुलाब जामुन रखा गया है। भाजपा का दावा है कि नई सरकार राज्य में निवेश, रोजगार और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम करेगी।
यह भी पढ़ें- तमिलनाडु में विजय का मुख्यमंत्री बनना तय, बहुमत का आंकड़ा किया पूरा, TVK को तीन पार्टियों का मिला समर्थन, शाम तक एलान संभव