Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 04 Oct 2025, 08:05 pm
यूपी के संभल जिले के गुन्नौर कस्बा क्षेत्र के गांव दौलतपुर में शुक्रवार रात पति-पत्नी के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। किसी बात पर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि पत्नी ने ब्लेड से हमला कर पति का प्राइवेट पार्ट काट दिया। गंभीर रूप से घायल पति को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार दौलतपुर गांव निवासी राजू की शादी मात्र पांच महीने पहले जनपद बदायूं के थाना सहसवान क्षेत्र के मिजापुर गांव की युवती से हुई थी। शादी के बाद दंपति के बीच सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन शुक्रवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। धीरे-धीरे मामला इतना बिगड़ा कि पत्नी ने गुस्से में आकर ब्लेड से हमला कर दिया। वार सीधे प्राइवेट पार्ट पर हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमले के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों की मदद से घायल को तुरंत सीएचसी गुन्नौर पहुंचाया गया। वहां के डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल वह वहां उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। गुन्नौर कोतवाली प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि यह मामला पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद का है। विवाद के दौरान पत्नी ने पति पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है कि इतनी छोटी-सी बात पर मामला कैसे इतना गंभीर हो गया। फिलहाल पुलिस और परिजन दोनों ही इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें- पत्नी की बेवफाई सहन नहीं कर पाया पति, चार बच्चों के साथ उठाया खौफनाक कदम, मामला जान आप भी कहेंगे हे भगवान!