लौह पुरुष 150वीं जयंती पर गरजे सीएम योगी, बोले- कोई भी मजहब राष्ट्र से बड़ा नहीं हो सकता

Curated By: | Hindi Now Uttar Pradesh • 10 Nov 2025, 01:21 pm
news-banner

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर गोरखपुर में आयोजित एकता यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति, मत या मजहब राष्ट्र से बड़ा नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने वंदे मातरम् को सभी स्कूलों में अनिवार्य करने क

गोरखपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित एकता यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्र के प्रति एक बड़ा संदेश दिया। विधान सभा क्षेत्र स्तर पर आयोजित इस यात्रा में मुख्यमंत्री ने कहा कि “कोई भी मजहब, मत या व्यक्ति राष्ट्र से बढ़कर नहीं हो सकता।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को एक सूत्र में बाँधने वाले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को हर विद्यालय में अनिवार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा, “वंदे मातरम् ने आजादी के आंदोलन में भारत की चेतना को जगाया था। अब कुछ लोग उसका विरोध कर रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं चलेगा।”

सपा के एक सांसद द्वारा वंदे मातरम् गाने से इनकार करने का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि “जो लोग जिन्ना को सम्मान देने के लिए कार्यक्रम करते हैं, वही सरदार पटेल की जयंती से दूरी बनाते हैं। ऐसे लोग समाज को बांटने की साजिश कर रहे हैं।”

उन्होंने चेताया कि “जाति, मजहब और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने वालों के कारण ही नए जिन्ना पैदा होते हैं। अगर कोई जिन्ना पैदा होने की कोशिश करे, तो उसे चुनौती मिलने से पहले ही समाप्त कर देना चाहिए।”

 एकता यात्रा का जनसमर्थन

भाजपा की एकता पदयात्राएं 20 नवंबर तक जारी रहेंगी। इस यात्रा के माध्यम से पार्टी सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रही है।

गोरखपुर में रविवार को जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला गोलघर की ओर बढ़ा, हजारों लोग “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाते हुए स्वागत में उमड़ पड़े। शहर को केसरिया और तिरंगे रंगों से सजाया गया था।

नगर निगम मुख्य द्वार से लेकर काली मंदिर स्थित पटेल चौक तक का मार्ग भगवा झालरों से सजा था। मंच पर लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

मुख्यमंत्री ने काली माता मंदिर में दर्शन करने के बाद सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उनके स्वागत में फूलों की वर्षा की गई और स्कूली बच्चों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारे लगाए।

 मुख्यमंत्री का संदेश:

“राष्ट्र सर्वोपरि है। कोई भी व्यक्ति, मजहब या मत राष्ट्र से बड़ा नहीं हो सकता। जो राष्ट्र के आड़े आए, उसे किनारे कर देना चाहिए।”
advertisement image