Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 18 Dec 2025, 05:20 pm
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत और उत्साह की खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार नए वर्ष में युवाओं को एक बड़ा तोहफा देने जा रही है। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 में प्रदेश में करीब डेढ़ लाख नई सरकारी भर्तियों को हरी झंडी दे दी है। ये भर्तियां पुलिस, शिक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, आवास विकास सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में की जाएंगी। सरकारी सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2026 में सबसे ज्यादा भर्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में होंगी। दोनों विभागों में लगभग 50-50 हजार पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। इसके अलावा राजस्व विभाग में करीब 20 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी, जबकि शेष पद स्वास्थ्य, कारागार, बाल विकास एवं पुष्टाहार, आवास विकास समेत अन्य विभागों में भरे जाएंगे। इन भर्तियों के साथ ही योगी सरकार के नाम एक नया रिकॉर्ड भी दर्ज होने जा रहा है। वर्ष 2026 तक यह प्रदेश की पहली ऐसी सरकार बन जाएगी, जिसने दस वर्षों में करीब दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य पूरा किया हो।
पिछले साढ़े आठ वर्षों के कार्यकाल में योगी सरकार अब तक प्रदेश के युवाओं को विभिन्न विभागों में साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दे चुकी है। सरकार का दावा है कि सभी भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत की गईं, जिससे युवाओं का विश्वास शासन-प्रशासन पर मजबूत हुआ है। पूर्ववर्ती सरकारों के दौर में जहां भर्तियों को लेकर सवाल उठते रहे, वहीं मौजूदा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध और निष्पक्ष बनाने पर विशेष जोर दिया है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी विभागों में रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी तलब की थी। इसी समीक्षा के बाद 2026 की भर्तियों की रूपरेखा तैयार की गई है। सूत्रों के मुताबिक कई विभागों में भर्ती प्रक्रिया की तैयारी अंतिम चरण में है और कुछ विभागों में विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
पुलिस विभाग में सबसे ज्यादा वैकेंसी निकलने की संभावना
पुलिस विभाग में सबसे अधिक अवसर मिलने की संभावना है। अब तक योगी सरकार पुलिस विभाग में करीब 2.19 लाख पदों पर भर्तियां कर चुकी है। इसी क्रम में वर्ष 2026 में लगभग 50 हजार नए पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें करीब 30 हजार आरक्षी, 5 हजार सब-इंस्पेक्टर और लगभग 15 हजार अन्य पद शामिल होंगे। शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक, प्रवक्ता, प्रधानाचार्य जैसे पदों पर लगभग 50 हजार भर्तियां प्रस्तावित हैं। वहीं राजस्व विभाग में 20 हजार पदों पर, जिनमें बड़ी संख्या लेखपालों की होगी, नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य, कारागार, आवास विकास और बाल विकास पुष्टाहार विभागों में भी लगभग 30 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। कुल मिलाकर वर्ष 2026 में प्रदेश में डेढ़ लाख से अधिक नई सरकारी नौकरियों के सृजन की तैयारी है, जो युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर लेकर आएगी।
यह भी पढ़ें- यूपी पुलिस में अब इन पदों पर निकली भर्ती, 80 हजार से अधिक सैलरी, फटाफट जान लें पूरा अपडेट!