Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Jul 2025, 04:04 pm
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के आलोक नगर में गुरुवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां देवर और भाभी ने एक साथ सुसाइड कर लिया। उनके शव अपने-अपने कमरों में फंदे पर लटके मिले। महिला का शव सबसे पहले उसके कमरे में मिला, जिसके बाद परिजनों ने युवक की तलाश की। जब वे उसके कमरे में गए तो उसका शव भी फांसी पर लटका हुआ मिला। यह दर्दनाक दृश्य देखकर घर में कोहराम मच गया। मृत महिला की पहचान सोनी (27) के रूप में हुई है। उसकी शादी 2016 में विवेक से हुई थी। सोनी के दो छोटे बच्चे हैं। इनमें एक तीन साल का बेटा कैरव और पांच साल की बेटी तान्या शामिल हैं। विवेक के साथ उसका छोटा भाई अंकित (30) और मां रामवती भी रहते हैं। अंकित की पत्नी की मौत तीन साल पहले शादी के केवल तीन महीने बाद ही हो गई थी। इसके बाद वह भाई-भाभी के साथ ही रहने लगा था।
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सोनी का शव उसके कमरे में मिला। थोड़ी देर बाद जब अंकित कहीं नजर नहीं आया तो परिजन उसके कमरे में पहुंचे और देखा कि वह भी फांसी के फंदे से झूल रहा था। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने हत्या व आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। सोनी के मायके पक्ष का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उसका पति देवर के साथ अवैध संबंध होने का शक करता था। सोनी की भाभी शीला का कहना है कि करीब आठ महीने से सोनी मायके में रह रही थी और कई बार बुलाने के बावजूद उसे ससुराल नहीं भेजा गया था। दो महीने पहले विवेक ने माफी मांगी, तब जाकर उन्होंने सोनी को भेजा था।
परिजनों का आरोप है कि विवेक शराब का आदी था और आए दिन सोनी से मारपीट करता था। सोनी की बड़ी बहन रजनी ने बताया कि एक दिन पहले ही सोनी ने फोन पर कहा था कि उसका पति उसे खाना नहीं देता और ताने मारता है कि वह देवर के पास चली जाए। पुलिस अधिकारी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बीजेपी सांसद के साथ वारदात! जो हुआ जानकर दंग रह जाएंगे आप