'मेरा जीवन नर्क कर दिया, एआई से मेरी अश्लील फोटो बनाई और वायरल कर दिया', पूरा मामला जान दंग रह जाएंगे आप

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Dec 2025, 06:31 pm
news-banner

यूपी के मुरादाबाद से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक शख्स ने एआई से एक महिला की न्यूड फोटोज बनाकर वायरल कर दिया। इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आइए पूरा मामला जानते हैं।

मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रहने वाले एक फाइनेंस कंपनी के एजेंट पर एआई के दुरुपयोग से महिला को ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी ने एआई की मदद से महिला के अश्लील फोटो और वीडियो तैयार किए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। साथ ही उसने महिला से संबंध बनाने का दबाव डाला। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसका फोन नंबर भी फोटो और वीडियो के साथ इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रंगदारी, छेड़खानी, आईटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।


मुगलपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली 25 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता ने छोटी बहन की शादी के लिए एक निजी फाइनेंस कंपनी से वॉशिंग मशीन, कूलर, फ्रिज समेत अन्य घरेलू सामान फाइनेंस कराया था। इन सामानों की किस्त वसूलने सिविल लाइंस क्षेत्र के रेलवे हरथला कॉलोनी निवासी संजय सिंह उनके घर आता-जाता था। इसी दौरान आरोपी का परिवार से मेलजोल बढ़ गया और घरेलू संबंध बन गए।


पिता की मौत के बाद बदली आरोपी की नीयत, करने लगा छेड़खानी

पीड़िता के मुताबिक कुछ समय बाद उसके पिता की कैंसर के कारण मौत हो गई। इसके बाद आरोपी की नीयत बदल गई और वह मौका पाकर उसके साथ छेड़खानी करने लगा। जब महिला ने उसकी हरकतों का विरोध किया तो आरोपी ने एआई तकनीक का सहारा लेकर उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। इन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसने महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसी बीच आरोपी ने महिला का एक वास्तविक वीडियो भी चोरी-छिपे बना लिया।


महिला से रुपये की मांग के साथ संबंध बनाने का डाला दबाव

आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने महिला पर रुपये देने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता के इनकार करने पर आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो विभिन्न अश्लील वेबसाइटों पर अपलोड कर दिए। इतना ही नहीं, उसने ये फोटो और वीडियो महिला और उसके रिश्तेदारों के मोबाइल नंबरों पर भी भेज दिए, जिससे महिला मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गई।


महिला के न्यूड्स वायरल करने के साथ डाला फोन नंबर

सिविल लाइंस थाने में दर्ज प्राथमिकी में महिला ने बताया कि आरोपी ने सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म पर उसके फोटो और वीडियो के साथ उसका फोन नंबर भी सार्वजनिक कर दिया। इसके बाद उसके मोबाइल पर लगातार अश्लील कॉल आने लगे। महिला का कहना है कि आरोपी ने उसकी जिंदगी नरक बना दी है। कई बार आत्महत्या करने का विचार भी मन में आया, लेकिन दो बच्चों के भविष्य की चिंता ने उसे रोक लिया। आरोपी ने महिला के रिश्तेदारों के नंबर भी अश्लील साइटों पर डाल दिए हैं, जिससे उन्हें भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आरोपी ने महिला के पति को भी फोटो और वीडियो भेजने की धमकी दी है।


पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की मामले की जांच

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सिविल लाइंस पुलिस साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक सामग्री हटवाने की कार्रवाई कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


यह भी पढ़ें- सेक्स के लिए बनाया दबाव तो महिला को मार डाला, आरोपी का कबूलनामा जान दंग रह जाएंगे आप!

advertisement image