Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 21 Jun 2025, 07:18 pm
नई दिल्ली। देश की पहली रक्षा पंक्ति कहे जाने वाले BSF ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को नई दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित अपने परिसर में मनाया। 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य' की थीम के साथ आयोजित इस भव्य 'योग संगम' कार्यक्रम में BSF के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि रहे। उनके नेतृत्व में 400 से ज्यादा BSF जवानों और उनके परिवार के लोगों ने योग किया।
इस सत्र को BSF के प्रशिक्षित योग गुरुओं ने बेहद कुशलता और जोश के साथ संचालित किया। कार्यक्रम का मकसद योग के जरिए शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना था। DG चौधरी ने कहा, “योग ने हमारे जवानों की शारीरिक और मानसिक मजबूती को इतना बढ़ाया है कि वे सबसे मुश्किल और चुनौतीपूर्ण हालातों में भी अपने कर्तव्यों को बखूबी निभाते हैं।” इस योग सत्र में 400 से ज्यादा BSF जवान और उनके परिवार शामिल हुए।
बता दें कि BSF ने विभिन्न फ्रंटियर मुख्यालयों, सेक्टर मुख्यालयों, बटालियन मुख्यालयों, ट्रेनिंग सेंटर्स और बॉर्डर चौकियों पर भी योग सत्र आयोजित किए। ये आयोजन सिर्फ योग तक सीमित नहीं थे, बल्कि यह BSF के जवानों की एकजुटता, अनुशासन और सेहत के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक था। कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले इन वीरों ने योग के जरिए न सिर्फ खुद को मजबूत किया, बल्कि दुनिया को शांति और स्वास्थ्य का संदेश भी दिया।