Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 09 Mar 2026, 06:38 pm
लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र के शेखन खेड़ा गांव में रविवार देर रात घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। एक मजदूर ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी राजेश रावत अपनी पत्नी राजेश्वरी (46) और बच्चों के साथ ससुराल में रह रहा था। घटना के समय घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
चेहरे और गले पर कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस के मुताबिक, राजेश रावत मूल रूप से नगराम थाना क्षेत्र के अक्रूदू गांव का रहने वाला है। वह पिछले कई वर्षों से अपनी ससुराल शेखन खेड़ा गांव में ही रह रहा था। दंपती के पांच बच्चे हैं—गुलशन (22), मंजीत (20), अजय (18), रजनीश (15) और आयुष (7)। रविवार रात घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर राजेश ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने राजेश्वरी के चेहरे और गले पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आरोपी की तलाश कर रही है।
शादी समारोह में गए थे बच्चे, लौटे तो मिला खून से लथपथ शव
बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के सदस्य पड़ोसी बलराम के बेटे की शादी से पहले चल रहे कार्यक्रम में गए हुए थे। डीजे बजने के कारण किसी को घर से आने वाली आवाजें भी सुनाई नहीं दीं। कुछ देर बाद जब बड़ा बेटा गुलशन घर लौटा, तो उसने कमरे में चारपाई पर अपनी मां को खून से लथपथ हालत में देखा। मां के शरीर पर कपड़े ढके हुए थे और केवल पैर दिखाई दे रहे थे। कपड़े हटाने पर चेहरे और गले पर कुल्हाड़ी के गहरे वार दिखाई दिए। गुलशन ने बताया कि उसके पिता शराब पीने के आदी थे और नशे में अक्सर घर में झगड़ा करते थे। इसी से परेशान होकर उसकी मां ने दो साल पहले पैतृक जमीन बिकवाकर शेखन खेड़ा गांव में घर बनवाया था। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में रिटायर्ड अफसर के घर में मिली 14 साल की मेड की लाश, परिजनों ने काटा बवाल, रेप की कोशिश और हत्या का आरोप