लखनऊ में रिटायर्ड अफसर के घर में मिली 14 साल की मेड की लाश, परिजनों ने काटा बवाल, रेप की कोशिश और हत्या का आरोप

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 09 Mar 2026, 05:26 pm
news-banner

लखनऊ के ठाकुरगंज में 14 वर्षीय घरेलू कामगार की संदिग्ध मौत के बाद हंगामा हो गया। परिजनों ने रिटायर्ड अफसर के बेटे पर रेप की कोशिश के बाद हत्या का आरोप लगाया। तीन घंटे सड़क जाम के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में 14 वर्षीय घरेलू कामगार किशोरी की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी। किशोरी का शव बालागंज रेलवे कॉलोनी में एक रिटायर्ड अफसर के घर में मिला। परिजनों ने घर के बेटे पर रेप की कोशिश के बाद हत्या का आरोप लगाया। आक्रोशित परिवार और स्थानीय लोगों ने शव को चौराहे पर रखकर करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। घटना 8 मार्च की बताई जा रही है। हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी राघव अग्रवाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया है, जबकि विसरा सुरक्षित रखकर आगे की जांच की जा रही है।


परिजनों का आरोप: रेप की कोशिश के बाद की हत्या

मृत किशोरी मूल रूप से सीतापुर की रहने वाली थी और पिछले करीब छह महीने से बालागंज रेलवे कॉलोनी में रहने वाले रिटायर्ड अधिकारी प्रह्लाद अग्रवाल के घर काम करती थी। वह उसी घर में रहती भी थी, जबकि उसका परिवार पास की झुग्गी बस्ती में रहता है। किशोरी के पिता का आरोप है कि रिटायर्ड अफसर का बेटा राघव अग्रवाल उनकी बेटी पर गलत नजर रखता था। उन्होंने बताया कि बेटी ने पहले भी इस बारे में परिवार को बताया था और इसकी शिकायत राघव के माता-पिता से की गई थी। पिता के मुताबिक, 8 मार्च की सुबह उन्हें फोन कर बताया गया कि बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो उन्होंने देखा कि किशोरी का शव बेड पर पड़ा था और शरीर पर चोट के निशान भी थे। परिजनों का आरोप है कि रेप की कोशिश का विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई और मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई।


शव रखकर किया प्रदर्शन, पुलिस ने दर्ज किया केस

किशोरी का पोस्टमॉर्टम होने के बाद परिजन शव लेकर बालागंज पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने पहले जल निगम रोड पर करीब दो घंटे तक जाम लगाया और बाद में बालागंज चौराहे पर भी करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर दी। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस के साथ पीएसी की अतिरिक्त फोर्स भी तैनात की गई। पुलिस अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी मिलने पर जब वे लोग घर पहुंचे तो आरोपी परिवार घर में ताला लगाकर वहां से फरार हो गया था। पुलिस उपायुक्त पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी राघव अग्रवाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है, जबकि आगे की जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।


यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 8 साल की बच्ची से हैवानियत, रेप के बाद हालत नाजुक, शादी में गई थी दादी के मायके, घर से चंद दूरी पर मिली खून से लथपथ

advertisement image