Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 11 Mar 2026, 01:48 pm
प्रयागराज में आशुतोष ब्रह्मचारी पर हुए हमले का मामला अब सोशल मीडिया तक पहुंच गया है। हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा करने वाली स्वाति अघोरी नाम की महिला ने फेसबुक पर एक और पोस्ट कर आशुतोष महाराज को खुली चेतावनी दी है। इस पोस्ट के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है और पुलिस भी सोशल मीडिया पर किए गए दावों की गंभीरता से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि रविवार 8 मार्च को सुबह चलती ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला हुआ था। इस घटना के कुछ घंटे बाद “डॉ. स्वाति अघोरी” नाम की प्रोफाइल से फेसबुक पर पोस्ट कर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। बाद में वह पोस्ट डिलीट कर दी गई, लेकिन इसके बाद भी उसी अकाउंट से कई पोस्ट सामने आईं, जिनमें आशुतोष महाराज को चुनौती देने जैसी बातें लिखी गईं।
हमले के बाद फेसबुक पर जिम्मेदारी लेने का दावा
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 5 बजे चलती ट्रेन में आशुतोष महाराज पर हमला हुआ था। हमलावरों ने उनकी नाक काटने की कोशिश की थी। घायल हालत में आशुतोष महाराज ने ट्रेन के बाथरूम में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई थी। घटना के करीब 5 घंटे बाद सुबह लगभग 10 बजे “डॉ. स्वाति अघोरी” नाम के फेसबुक अकाउंट से पोस्ट कर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। इसके कुछ समय बाद एक और पोस्ट सामने आई, जिसमें धार्मिक नारे लिखे गए थे। बाद में हमले की जिम्मेदारी वाला पोस्ट हटा दिया गया, लेकिन शाम के समय उसी अकाउंट से एक और पोस्ट की गई, जिसमें गिरफ्तारी की बात और आंदोलन से जुड़े बयान लिखे गए थे।
फेसबुक अकाउंट को लेकर कई सवाल
जिस फेसबुक अकाउंट से यह पोस्ट किए गए हैं, उसे लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इस अकाउंट पर 10 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं और प्रोफाइल में खुद को वेद, पुराण और उपनिषदों की ज्ञाता बताया गया है। साथ ही खुद को एक संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष और धार्मिक आंदोलनों से जुड़ा बताया गया है। हालांकि इस प्रोफाइल में कई ऐसी बातें भी सामने आई हैं, जिनसे अकाउंट की सत्यता पर सवाल उठ रहे हैं। अकाउंट पर अब तक कोई वीडियो पोस्ट नहीं किया गया है और ज्यादातर पोस्ट में तस्वीरें ही दिखाई देती हैं। कुछ पोस्ट में हिंदी की बुनियादी गलतियां भी देखी गई हैं और प्रोफाइल में व्यक्तिगत जानकारी भी बेहद सीमित है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर किए गए सभी पोस्ट को जांच में शामिल किया गया है। फेसबुक आईडी, आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
यह भी पढ़ें- शंकराचार्य पर हमला करने वाले आशुतोष महाराज पर हमला, चलती ट्रेन में चाकू मारकर काटी नाक, लहूलुहान महाराज बोले- खून का बदला लेंगे