मां-पिता ने 50 हजार में नाबालिग बेटी का कर दिया सौदा, 28 साल के युवक से जबरन कराई शादी

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 15 May 2026, 04:40 pm
news-banner

आगरा में 14 वर्षीय किशोरी ने माता-पिता पर 50 हजार रुपये में बेचने और जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है। ससुराल से भागकर महिला थाने पहुंची पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ पॉक्सो, दुष्कर्म और बाल विवाह कानून के तहत केस दर्ज किया है।

आगरा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 14 वर्षीय किशोरी ने अपने ही माता-पिता पर उसे बोझ समझकर बेचने और जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसके माता-पिता ने उससे उम्र में काफी बड़े युवक से शादी करा दी और बाद में उसे पता चला कि 50 हजार रुपये लेकर यह सौदा किया गया था। किशोरी ने किसी तरह ससुराल से भागकर अपनी रिश्ते की दादी से मदद मांगी। बाद में महिला थाने पहुंचकर उसने अपनी जान बचाने की गुहार लगाई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने मां-पिता समेत सात लोगों के खिलाफ एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाने में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान कोर्ट में भी दर्ज करा दिए हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


नए कपड़े पहनाकर करा दी शादी

ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह केवल तीसरी कक्षा तक पढ़ी है। उसके पिता जूता फैक्टरी में काम करते थे। तीन अप्रैल को उसके माता-पिता उसे ईदगाह क्षेत्र में लेकर गए, जहां पहले से उसकी बुआ और अन्य रिश्तेदार मौजूद थे। वहां उसे नए कपड़े पहनाए गए और अचानक बताया गया कि उसकी शादी कराई जा रही है। किशोरी ने विरोध किया तो परिवार वालों ने उसे धमकाया और एत्माद्दौला क्षेत्र निवासी युवक आकाश से जबरन शादी करा दी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल में उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाने लगा। एक दिन आरोपी की भाभी ने उसे बताया कि उसके माता-पिता और बुआ ने 50 हजार रुपये लेकर उसे बेच दिया है। यह सुनकर किशोरी डर गई और मौका मिलते ही वहां से भाग निकली।


पुलिस ने दर्ज किया पॉक्सो और बाल विवाह का केस

पीड़िता पहले रिश्ते की दादी के घर पहुंची, जहां से परिवार वालों को बुलाया गया। हालांकि पंचायत के बाद माता-पिता उसे फिर घर ले गए और दो दिन बाद दोबारा आरोपी युवक के साथ भेज दिया। इसके बाद किशोरी फिर भाग निकली और महिला थाने पहुंचकर पूरी घटना बताई। पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया और मेडिकल जांच कराई, जिसमें उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। एडीसीपी हिमांशु गौरव ने बताया कि मामले में मारपीट, धमकी, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।


यह भी पढ़ें- लखनऊ में UPSC की तैयारी करने वाली युवती से दुष्कर्म, इंस्टा पर आगरा के युवक ने की थी दोस्ती

advertisement image