शुभेंदु अधिकारी बने बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री, पांच विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ, मोदी-शाह समेत 20 राज्यों के सीएम रहे मौजूद

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 09 May 2026, 12:15 pm
news-banner

पश्चिम बंगाल में भाजपा ने इतिहास रचते हुए पहली बार सरकार बनाई है। शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरएन रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शुभेंदु अधिकारी ने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम की शपथ ली। शपथ लेने के बाद वह सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, एनडीए नेताओं और भाजपा शासित राज्यों के करीब 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारी भीड़ देखने को मिली और करीब एक लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। भाजपा समर्थकों में इस ऐतिहासिक मौके को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। पूरे ब्रिगेड परेड ग्राउंड को बंगाल की संस्कृति और भाजपा के रंगों से सजाया गया था।


पांच मंत्रियों ने भी ली शपथ, मंच पर दिखी बंगाल की सांस्कृतिक झलक

शुभेंदु अधिकारी के साथ पांच अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निषिथ प्रमाणिक शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा पीएम मोदी ने भाजपा के 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का मंच पर सम्मान किया। प्रधानमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। माखनलाल सरकार को 1952 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किया गया था। समारोह में बंगाल की संस्कृति की झलक भी दिखाई दी। मैदान में झालमुड़ी और रसगुल्ले के स्टॉल लगाए गए थे, जबकि वीआईपी मेहमानों के लिए आलू दम, पुलाव, बैंगन भाजा और आलू पोश्तो जैसे बंगाली व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी।


संघर्ष से सत्ता तक पहुंची भाजपा, बंगाल में बदला राजनीतिक समीकरण

भाजपा नेताओं ने इस शपथ ग्रहण को पश्चिम बंगाल में राजनीतिक बदलाव की नई शुरुआत बताया। दिलीप घोष ने कहा कि पार्टी ने वर्षों संघर्ष करने के बाद यह मुकाम हासिल किया है और अब श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा किया जाएगा। भाजपा ने 1982 में गठन के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी को राज्य में खाता खोलने में 34 साल लग गए। वर्ष 2016 में भाजपा ने तीन सीटें जीती थीं, जबकि 2021 में पार्टी 77 सीटों तक पहुंची। इस बार भाजपा ने 45.84 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 207 सीटें हासिल कर सत्ता में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। शुभेंदु अधिकारी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी और अब वह राज्य की सत्ता तक पहुंच गए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि नई सरकार विकास, कानून व्यवस्था और निवेश को प्राथमिकता देगी।


यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, कोलकाता ग्राउंड में जुटेंगे 1 लाख लोग, पीएम मोदी रहेंगे मौजूद

advertisement image