Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 09 May 2026, 01:54 pm
वाराणसी के दालमंडी इलाके में शनिवार को एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई। सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत करीब 45 मकानों और दुकानों को तोड़ा जा रहा है। कार्रवाई शुरू होते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने किसी भी तरह के विरोध या तनाव को देखते हुए पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। मौके पर करीब 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पीडब्ल्यूडी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सुबह से ही तोड़फोड़ का काम शुरू हुआ। कार्रवाई से पहले गुरुवार रात इलाके में मुनादी कराकर लोगों को अलर्ट किया गया था। दुकानदारों और मकान मालिकों से कहा गया था कि वे दोपहर 12 बजे से पहले अपना सामान सुरक्षित स्थान पर हटा लें। शनिवार सुबह कई परिवार अपने घरों से सामान निकालते नजर आए। भारी मशीनों और बुलडोजर की आवाज से पूरा इलाका गूंजता रहा।
सीएम योगी के निर्देश के बाद तेज हुई कार्रवाई
दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिक योजनाओं में माना जा रहा है। हाल ही में वाराणसी दौरे के दौरान सीएम योगी ने इस प्रोजेक्ट की समीक्षा की थी और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। प्रशासन के मुताबिक दालमंडी में 650 मीटर लंबी सड़क को 17.4 मीटर चौड़ा किया जाना है। सड़क चौड़ीकरण के बाद इलाके में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से यह क्षेत्र संकरी गलियों और जाम की समस्या से जूझ रहा था। परियोजना पूरी होने के बाद काशी विश्वनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो जाएगी। प्रशासन का दावा है कि प्रभावित लोगों को नियमानुसार प्रक्रिया के तहत नोटिस दिया गया था।
लोगों में नाराजगी, कारोबार पर असर की चिंता
कार्रवाई के दौरान कई स्थानीय लोगों ने नाराजगी भी जताई। दुकानदारों का कहना है कि अचानक कार्रवाई तेज होने से उन्हें अपना सामान हटाने और कारोबार व्यवस्थित करने का पर्याप्त समय नहीं मिला। कुछ परिवारों ने अपने आशियाने टूटने पर चिंता जाहिर की। हालांकि प्रशासन का कहना है कि विकास कार्यों के लिए यह कदम जरूरी है। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे। दालमंडी में पहले भी कई बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन इस बार बड़े पैमाने पर बुलडोजर चलने से इलाके में हलचल बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- सभी जिलाधिकारियों को योगी सरकार का सख्त निर्देश, जल जीवन मिशन में खोदी गई सड़क और गढ्ढों को तुरंत भरे, लापरवाही बर्दाशत नहीं