Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Mar 2026, 05:57 pm
आगरा में 8 साल की बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को शनिवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक आरोपी फिरोजाबाद भागने की फिराक में था, तभी घेराबंदी के दौरान उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है, वहीं पूरे इलाके में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा है।
मुठभेड़ में ढेर हुआ आरोपी, दरोगा भी घायल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी फरार होने की कोशिश में है। इसके बाद बमरौली कटारा के पास पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी, जिसमें एक दरोगा घायल हो गया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी को गोली लगी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पर पहले ही 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और वह घटना के बाद से फरार चल रहा था।
किराए के विवाद से शुरू हुई दुश्मनी, बच्ची बनी शिकार
जांच में सामने आया कि आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच किराए को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि कुछ दिन पहले बकाया किराए को लेकर बच्ची के चाचा ने आरोपी को डांटते हुए थप्पड़ मार दिया था और कमरे पर ताला लगा दिया था। इस बात से आरोपी बेहद नाराज था और उसने बदला लेने की ठान ली। 24 मार्च को उसने मौके का फायदा उठाकर बच्ची की हत्या कर दी और शव को कमरे में छिपा दिया। करीब 30 घंटे बाद पुलिस ने शव बरामद किया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
परिवार ने मांगी थी पुष्टि, फोटो देखने के बाद शांत हुआ माहौल
एनकाउंटर की खबर मिलने के बाद मृतक बच्ची की मां ने पुलिस से आरोपी का चेहरा दिखाने की मांग की। परिवार को पहले इस बात पर यकीन नहीं हुआ, जिससे कुछ देर के लिए हंगामा भी हुआ। बाद में पुलिस ने आरोपी की फोटो दिखाई, तब जाकर परिवार शांत हुआ। वहीं बच्ची की दादी ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें इंसाफ मिला है और मन को सुकून मिला है।
यह भी पढ़ें- कनस्तर में ठूंसी बच्ची की लाश, फिर आटे की बोरी रखी, आगरा में दर्दनाक हत्याकांड से हिल गया हर कोई, किराए के कमरे में मिला शव