Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Mar 2026, 10:38 am
आईपीएल के 19वें सीजन का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है और आज से टूर्नामेंट की शुरुआत हो रही है। पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। पिछले सीजन में बेंगलुरु ने पंजाब को हराकर पहली बार खिताब जीता था, वहीं हैदराबाद की टीम प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना सकी थी और अंक तालिका में छठे स्थान पर रही थी। ऐसे में इस बार दोनों टीमें नई शुरुआत के साथ मैदान में उतरेंगी और जीत के साथ सीजन का आगाज करना चाहेंगी।
दोनों टीमों की ताकत और संतुलन
अगर टीम कॉम्बिनेशन की बात करें तो बेंगलुरु इस बार काफी संतुलित नजर आ रही है। बल्लेबाजी में विराट कोहली और फिल सॉल्ट जैसे दमदार ओपनर मौजूद हैं, जो टीम को तेज शुरुआत दे सकते हैं। वहीं देवदत्त पडिक्कल और वेंकटेश अय्यर जैसे खिलाड़ी मिडिल ऑर्डर को मजबूती देते हैं। टिम डेविड, जितेश शर्मा, रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पांड्या जैसे खिलाड़ी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। हालांकि गेंदबाजी में जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी टीम के लिए चिंता का विषय है, लेकिन भुवनेश्वर कुमार और अन्य गेंदबाजों पर जिम्मेदारी रहेगी। दूसरी ओर हैदराबाद की टीम अपने टॉप ऑर्डर पर काफी हद तक निर्भर करेगी। अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और ईशान किशन से टीम को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
इंजरी और कमजोरियां बढ़ा सकती हैं चुनौती
दोनों टीमों को सीजन की शुरुआत से पहले ही कुछ बड़े झटके लगे हैं। बेंगलुरु के यश दयाल पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, जबकि जोश हेजलवुड शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे। वहीं हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण शुरुआती मुकाबलों से बाहर हैं, जिससे टीम की गेंदबाजी कमजोर नजर आ रही है। इसके अलावा कुछ और खिलाड़ी भी उपलब्ध नहीं हैं, जिससे टीम संयोजन पर असर पड़ सकता है। ऐसे में दोनों टीमों को अपने बेंच स्ट्रेंथ पर भरोसा करना होगा और नए खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है।
पिच और मौसम का क्या रहेगा असर
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां गेंद आसानी से बल्ले पर आती है और छोटी बाउंड्री के कारण बड़े स्कोर बनते हैं। हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है। आंकड़ों की बात करें तो यहां पहले गेंदबाजी करने वाली टीम को थोड़ा फायदा मिला है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बारिश की संभावना बहुत कम है, जिससे पूरा मैच होने की उम्मीद है। कुल मिलाकर फैंस को एक हाई स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
यह भी पढे़ं- क्रिकेटर रिंकू सिंह को यूपी में मिलेगी कुर्सी, ओलंपियन राजकुमार पहनेंगे पुलिस की वर्दी, सीएम योगी देंगे 6 खिलाड़ियों को जॉइनिंग लेटर