Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 26 Mar 2026, 02:40 pm
आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक जूता कारोबारी की 8 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्ची मंगलवार दोपहर घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। करीब 30 घंटे बाद बुधवार रात उसका शव घर के सामने ही किराएदार के कमरे से बरामद हुआ। पुलिस को बच्ची का शव एक कनस्तर के अंदर मिला, जिसके ऊपर आटे की बोरी और रजाई रखी गई थी। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बेटी का शव देखकर मां बेहोश हो गईं और परिवार में कोहराम मच गया।
किराएदार पर हत्या का शक, वारदात के बाद से फरार
पुलिस के मुताबिक, जिस कमरे से बच्ची का शव मिला है, वहां रहने वाला किराएदार सुनील घटना के बाद से फरार है। प्रारंभिक जांच में उसी पर हत्या का शक जताया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि बच्ची के लापता होने के बाद वह परिवार के साथ उसे तलाशने में शामिल रहा और गुमशुदगी दर्ज कराने थाने भी गया था। लेकिन जब पुलिस ने मोहल्ले में तलाशी अभियान शुरू किया, तो वह अपने कमरे पर ताला लगाकर गायब हो गया। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर कमरे का ताला तोड़कर जांच की, जहां यह भयावह सच्चाई सामने आई।
CCTV खंगाले, 10 टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं
बच्ची के गायब होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके के CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में बच्ची दोपहर करीब 2 बजे गली के बाहर एक दुकान पर दिखाई दी, लेकिन उसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने मामले में अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें लगाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद हंगामा, लोगों ने किया जाम और पथराव
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। जब पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने लगी, तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद लोगों ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया और पथराव भी किया। मौके पर पहुंचे डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने लोगों को समझाकर शांत कराया और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के गले पर कट के निशान और शरीर पर खरोंचें पाई गई हैं। मौत का कारण अत्यधिक खून बहना बताया गया है। पुलिस ने मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाने की बात कही है, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
यह भी पढ़ें- कानपुर में नाबालिग लड़की से गैंगरेप, 3 युवकों ने बंद कमरे में की दरिंदगी, बनारस से आ रही थी चाचा के घर