Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 27 Apr 2026, 02:23 pm
बुलंदशहर में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के साथी मयंक सैनी को एनकाउंटर में घायल कर दिया। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मयंक के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले पुलिस ने उसे रात करीब 3 बजे गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी तमंचा फ्लाईओवर के नीचे छिपाया गया है। पुलिस जब उसे बरामदगी के लिए मौके पर लेकर गई, तभी आरोपी ने पुलिसकर्मी को धक्का देकर हथियार उठाया और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे काबू कर लिया। मौके से अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है।
केक लगाने को लेकर हुआ था विवाद, तीन की गई थी जान
दरअसल, शनिवार देर रात शहर के आरजेएस फिटनेस जिम में एक जन्मदिन पार्टी के दौरान मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया था। आरोप है कि पार्टी में मौजूद एक युवक ने जन्मदिन मना रहे जीतू सैनी के चेहरे पर केक लगा दिया, जिससे वह भड़क गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट और फिर फायरिंग में बदल गई। इस दौरान जीतू सैनी और उसके साथियों ने तीन लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में मनीष सैनी, अमरदीप सैनी और आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी जीतू सैनी अभी फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
जिम सील, अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर
इस घटना के बाद प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाया है। जिस जिम में वारदात हुई, उसे विकास प्राधिकरण ने सील कर दिया है और बाहर अवैध निर्माण का नोटिस चस्पा कर दिया गया है। जिम मालिक को दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए समय दिया गया है, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी। यदि निर्माण अवैध पाया गया, तो बुलडोजर चलाया जाएगा। साथ ही आरोपियों के घरों पर भी नोटिस चस्पा कर 24 घंटे का समय देने की तैयारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दरिंदगी के विरोध पर किशोरों ने की हत्या, फिर टांग दिया युवती का शव, मामला जान काँप उठेगा दिल