यूपी में घने कोहरे से थमी रफ्तार, दर्जनों ट्रेनें लेट, आगे मौसम को लेकर जारी की गई ये चेतावनी

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Dec 2025, 10:55 am
news-banner

यूपी के आधे से ज्यादा जिलों में घने कोहरे के असर देखा जा रहा है। यहां कोहरे से आज दर्जनों ट्रेनें लेट रहीं।

प्रदेश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलता नजर आने लगा है। शनिवार को कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। इसके बावजूद तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में तापमान में थोड़ी और वृद्धि हो सकती है। हालांकि कोहरे की स्थिति फिलहाल बनी रहेगी। विभाग के अनुसार रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में कहीं घना तो कहीं अत्यधिक घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इससे दृश्यता काफी कम रहने की आशंका है।


मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो दिनों के बाद कोहरे से कुछ हद तक राहत मिल सकती है, लेकिन इसके साथ ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। पछुआ हवाओं के प्रभाव से ठंड का असर बढ़ेगा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शनिवार को तराई क्षेत्रों में घना कोहरा रहा, वहीं पूर्वांचल में बलिया से लेकर अयोध्या तक कोहरे का व्यापक असर देखा गया। तापमान में दर्ज बढ़ोतरी अगले एक-दो दिनों तक जारी रह सकती है, लेकिन इसके बाद ठंड बढ़ने के संकेत हैं। इस दौरान कोहरे की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है।


शनिवार को न्यूनतम तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो मुजफ्फरनगर में सबसे कम 6.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कानपुर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री और बाराबंकी में 7 डिग्री रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि मुरादाबाद, वाराणसी, बलिया, आजमगढ़, कानपुर और कुशीनगर में दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर रह गई थी। शाहजहांपुर और गोरखपुर में दृश्यता 100 मीटर, जबकि राजधानी लखनऊ में यह करीब 400 मीटर दर्ज की गई।


राजधानी लखनऊ में भी गलन लगातार बढ़ रही है। शनिवार सुबह कोहरे का असर साफ दिखा और रविवार व सोमवार को भी कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड और बढ़ेगी, जबकि कोहरे का असर कुछ कम हो सकता है। शनिवार सुबह लखनऊ में दृश्यता 400 मीटर रही, जो आगे और घट सकती है। पछुआ हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं।


कोहरे का असर रेल संचालन पर भी पड़ा। शनिवार को शताब्दी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें देरी से चलीं। नई दिल्ली से सुबह 6:10 बजे रवाना हुई शताब्दी एक्सप्रेस अलीगढ़ तक सवा घंटे और लखनऊ पहुंचते-पहुंचते करीब दो घंटे लेट हो गई। इसके अलावा लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, चंडीगढ़ सुपरफास्ट, दून एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस और गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस सहित कई गाड़ियां एक से तीन घंटे तक देरी से चलीं।

advertisement image