Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 21 Feb 2026, 04:19 pm
उत्तर प्रदेश के फ़तेहपुर जिला में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। ललौली थाना क्षेत्र के मेवली मोड़ सिधांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। चार युवक एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर पड़े, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया, लेकिन इलाज के दौरान दो अन्य युवकों ने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
इलाज के दौरान बुझ गई चारों जिंदगियां
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीसरे युवक की मौत हो गई। चौथे युवक को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक हादसे के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया और अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया है।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक गजराज पाल के पिता राम सनेही ने बताया कि गजराज उनके चार बच्चों में सबसे बड़ा था। चार साल पहले उसकी शादी हुई थी और छह माह का एक बेटा है। हादसे के बाद पत्नी रूपरानी का रो-रोकर बुरा हाल है। उमेश पाल (26) की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी और उसकी पांच माह की बेटी है। सौरभ द्विवेदी (17) हाल ही में सूरत से शादी में शामिल होने आए थे, जबकि आकाश यादव (21) अविवाहित थे। डीएसपी बिंदकी प्रगीत यादव ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी। मौके पर दो युवकों की मौत हो चुकी थी, जबकि दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- यूपी में दो बड़े हादसे, मथुरा-औरैया में नहर में गिरीं दो कार, मच गई चीख-पुकार, 7 की मौत से मचा मातम