प्रेमिका को भगा ले गया प्रेमी, फिर शादी करने के लिए पहुंचे रजिस्ट्रार ऑफिस, लड़की के परिवार वालों ने पकड़कर धुना, फिर कराई शादी

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Feb 2026, 06:11 pm
news-banner

कानपुर में प्रेम विवाह के बाद शादी रजिस्टर कराने पहुंचे युवक को लड़की के परिजनों ने रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर पीट दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और अंत में दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए।

कानपुर में प्रेम विवाह को लेकर शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया, जब शादी रजिस्टर कराने पहुंचे युवक को लड़की के परिजनों ने रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर पकड़कर पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें युवती की मां और भाई युवक की कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। अचानक हुए इस विवाद से मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ती देख वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली थाने ले गई, जहां बाद में समझौता हो गया।


गुपचुप शादी के बाद रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचे थे दोनों

पुलिस के मुताबिक युवक और युवती एक ही इलाके के रहने वाले हैं और करीब तीन साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। दोनों एक ही बिरादरी से होने के बावजूद परिवार वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसी कारण दोनों ने कुछ दिन पहले आर्य समाज मंदिर में चुपचाप शादी कर ली। इसके बाद शुक्रवार को दोनों अपनी शादी का कानूनी पंजीकरण कराने के लिए रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे थे। इसी बीच किसी तरह युवती के परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई और वे तुरंत कार्यालय पहुंच गए। वहां पहुंचते ही उन्होंने युवक को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी, जिससे मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा और वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।


वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कराया समझौता

घटना का करीब 36 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें युवती का भाई युवक को थप्पड़ मारते और बाहर की ओर घसीटते हुए दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद वकीलों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को संभाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। कोतवाली पुलिस के अनुसार थाने में बातचीत के दौरान मामला शांत हो गया और दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से विवाद खत्म कर दिया। बाद में युवती के परिजन भी शादी के लिए राजी हो गए, जिसके बाद मामला सुलझ गया।


यह भी पढ़ें- आईआईटी कानपुर से आई दर्दनाक खबर, वेलेंटाइन डे के दिन अनहोनी, मामला जान शॉक्ड हो जाएंगे आप

advertisement image