नोएडा में अखिलेश की रैली, बोले- यूपी के 6 से 7 एयरपोर्ट हो गए बंद, जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन भी बेचने के लिए किया

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Mar 2026, 08:11 am
news-banner

दादरी रैली में अखिलेश यादव ने जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन पर तंज कसते हुए सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सामाजिक न्याय, रोजगार और किसानों के मुद्दों को उठाते हुए 2027 चुनाव को लेकर बड़ा संदेश दिया।

ग्रेटर नोएडा के दादरी में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को दादरी में समाजवादी समता भाईचारा रैली को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “यूपी के 7 में से 6 एयरपोर्ट बंद हो गए, कम से कम यह वादा तो कर देते कि इसे बेचा नहीं जाएगा।” उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे उद्घाटन ही बेचने के लिए किया गया है।


रैली के दौरान अखिलेश ने सामाजिक न्याय और भेदभाव के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जिसने अन्याय और उत्पीड़न की पीड़ा नहीं झेली, वह उस दर्द को समझ नहीं सकता। मंदिर और गंगाजल से जुड़े अपने अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह दर्द उन्होंने खुद महसूस किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भेदभाव और चालबाजी छोड़ने का समय आ गया है, क्योंकि अब हालात बदल रहे हैं और जनता जागरूक हो चुकी है।


गुर्जर वोट बैंक और 2027 चुनाव पर नजर

रैली से पहले अखिलेश यादव ने गुर्जर-प्रतिहार वंश के सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और गंगाजल से शुद्धिकरण भी किया। इस आयोजन को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गुर्जर समुदाय का खास प्रभाव माना जाता है और कई सीटों पर उनकी निर्णायक भूमिका रहती है। ऐसे में समाजवादी पार्टी इस वर्ग में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा इतिहास और सम्मान की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर उनकी सरकार बनती है तो लखनऊ में पीडीए महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी और सामाजिक न्याय को मजबूत किया जाएगा।


सरकार के कामकाज और रोजगार पर सवाल

अपने भाषण में उन्होंने सरकार के विकास कार्यों और रोजगार के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन जमीन पर कुछ नजर नहीं आया। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा और सरकारी भर्तियों में भी पारदर्शिता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नौकरी देने के बजाय पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने में नाकाम रही है। साथ ही यह भी कहा कि किसानों को उनकी जमीन का सही मुआवजा नहीं मिला। अखिलेश ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार बनने पर किसानों को बाजार दर पर जमीन का मूल्य दिया जाएगा और युवाओं को रोजगार के अवसर उनके गांव के पास ही उपलब्ध कराए जाएंगे। अंत में उन्होंने कहा कि यह रैली सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बदलाव का संकेत है और आने वाले समय में पीडीए की एकजुटता से नई सरकार बनेगी।

advertisement image