बिजनौर के किशोर का कश्मीर में धर्म परिवर्तन का आरोप, वीडियो वायरल, परिवार ने की बेटे को सकुशल वापस लाने की मांग

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 19 May 2026, 12:32 pm
news-banner

बिजनौर के एक किशोर के जम्मू-कश्मीर में कथित धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक किशोर के कथित धर्म परिवर्तन का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद परिजन सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की। परिवार का आरोप है कि किशोर का जम्मू-कश्मीर में धर्म परिवर्तन कराया गया और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के खांजनपुर बहादुर गांव निवासी कृष्ण कुमार के बेटे विशाल से जुड़ा हुआ है। परिजनों के मुताबिक विशाल कुछ साल पहले रोजगार के लिए जम्मू-कश्मीर गया था, जहां वह काजीवाला निवासी वसीम के साथ सैलून का काम सीख रहा था। बाद में वह कुपवाड़ा इलाके में भी हेयर सैलून पर काम करने लगा।


वीडियो वायरल होने के बाद परिवार में मचा हड़कंप

परिजनों के अनुसार रविवार को विशाल के चाचा के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से वीडियो भेजा गया। वीडियो में विशाल इस्लाम धर्म स्वीकार करता दिखाई दे रहा है। परिवार का आरोप है कि 15 मई को उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और वीडियो इंस्टाग्राम पर डाल दी गई। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद परिवार को पूरे मामले की जानकारी हुई। परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने विशाल से फोन पर बात की तो उसने कहा कि वह इस्लाम धर्म अपना चुका है और अब उनसे बहुत दूर जा चुका है। परिवार का कहना है कि विशाल 5 मई को गांव आया था और अगले दिन मंडावर थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव में एक लड़की भी दिखाई गई थी, जिसे उसने पसंद किया था। लेकिन 7 मई को वापस कश्मीर लौटने के बाद उसने 8 मई को शादी से इनकार कर दिया।


पूर्व सांसद के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे परिजन

मामले को लेकर सोमवार को पूर्व भाजपा सांसद भारतेंदु सिंह की अगुवाई में परिजन और ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने किशोर को सुरक्षित वापस लाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पूर्व सांसद ने कहा कि यदि किशोर नाबालिग है तो उसका धर्म परिवर्तन कराना कानूनन अपराध है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति के साथ विशाल काम करता था, वही उसे कश्मीर लेकर गया था। वहीं सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि कृष्ण कुमार की शिकायत पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने जांच की जिम्मेदारी सीओ संग्राम सिंह को सौंपी है।


यह भी पढ़ें- बिहार से लखनऊ आने वाली गोमतीनगर एक्सप्रेस में बॉक्स में बंद मिली युवती की लाश, पुलिस कर रही मामले की जाँच

advertisement image