Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 12 Oct 2025, 05:21 pm
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा से हुए गैंगरेप की घटना पर गहरा दुख जताया है। रविवार को उन्होंने कहा कि छात्राओं को रात में बाहर जाने से बचना चाहिए, खासकर सुनसान इलाकों में सतर्क रहना जरूरी है। साथ ही उन्होंने कॉलेज प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि निजी कॉलेजों को छात्राओं की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। ममता ने बताया कि पुलिस को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं और तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह मामला शुक्रवार रात का है, जब दुर्गापुर के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज की सेकंड ईयर की छात्रा अपने दोस्त के साथ डिनर पर गई थी। लौटते समय तीन युवकों ने उनका रास्ता रोका। छात्रा का दोस्त मौके से भाग गया, जिसके बाद आरोपियों ने छात्रा से गैंगरेप किया। पीड़ित छात्रा ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली है और फिलहाल पास के अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद भाजपा और विपक्षी दलों ने ममता सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि अफगानिस्तान में तालिबान की सरकार है और बंगाल में ममता बनर्जी की। वहीं, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि ममता बनर्जी ने राज्य को अपराधियों और बलात्कारियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बना दिया है।
वारदात के तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार हैं। सभी आरोपी पास के गांव के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक घटना कॉलेज कैंपस के सामने 10 अक्टूबर की रात 8 से 10 बजे के बीच हुई थी। आरोपियों के पास से पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिससे कॉल की गई थी और लोकेशन ट्रैक कर उन्हें पकड़ा गया। इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की टीम भी रविवार को दुर्गापुर रवाना हुई है। वहीं पीड़ित छात्रा के पिता ने ममता बनर्जी से अनुरोध किया है कि उन्हें बेटी को ओडिशा ले जाने की अनुमति दी जाए, क्योंकि वहां सुरक्षा बेहतर होगी। परिजनों ने कहा कि मुख्यमंत्री और पुलिस मदद कर रहे हैं, लेकिन हमें डर है कि यहां बेटी की जान को खतरा है।
आरजीकर मेडिकल कॉलेज की घटना याद दिलाती है यह वारदात
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि तीनों आरोपी उसे जंगल में ले गए और घटना के बाद धमकाया कि किसी को बताया तो जान से मार देंगे। यह दर्दनाक घटना 2024 के आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप-मर्डर केस की यादें ताजा कर रही है, जिसने पूरे बंगाल को झकझोर कर रख दिया था। उस समय भी राज्य में लंबे समय तक मेडिकल सेवाएं ठप रही थीं।
यह भी पढ़ें- सालों पुराना प्यार, डेढ़ महीने पहले की शादी और फिर खौफनाक वारदात, मामला जान दंग रह जाएंगे आप!