Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 17 Dec 2025, 11:18 am
उत्तर प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे का कहर लगातार जारी है। बुधवार को प्रदेश के 19 जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। हालात ऐसे बने रहे कि ओस की बूंदें रिमझिम बारिश जैसी गिरती महसूस हुईं। लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, जौनपुर, बाराबंकी, गोंडा समेत कई जिलों में सुबह से ही दृश्यता बेहद कम रही। कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य तक रिकॉर्ड की गई, जिससे सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और कुछ जगहों पर आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।
भीषण ठंड के बीच इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अयोध्या, लखीमपुर खीरी और बुलंदशहर में भी पारा 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में चल रही सर्द पछुआ हवाओं ने ठंड को और बढ़ा दिया है। गलन इतनी तेज है कि लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं और अलाव व हीटर का सहारा ले रहे हैं।
कोहरे से हुआ हादसों में इजाफा, चार दिनों में 30 से अधिक हादसे
कोहरे की वजह से सड़क हादसों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। अंबेडकर नगर में घने कोहरे के कारण डीसीएम और ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बीते चार दिनों में प्रदेशभर में कोहरे की वजह से 30 से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में 150 से ज्यादा वाहन आपस में टकराए हैं और अब तक 28 लोगों की जान जा चुकी है।
रेल-हवाई यात्राओं पर मौसम का असर, कई उड़ानें रद्द
खराब मौसम का असर हवाई और रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। लखनऊ एयरपोर्ट से 10 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जबकि रियाद से आने वाली एक फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट किया गया। विमान को लैंडिंग के लिए काफी देर तक आसमान में चक्कर लगाने पड़े, लेकिन घने कोहरे के चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने अनुमति नहीं दी। उधर, ट्रेनों की आवाजाही भी बुरी तरह प्रभावित हुई है और 50 से ज्यादा ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चल रही हैं।
अगले दो दिन पछुआ हवाएं चलने की संभावना
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले दो दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार और तेज होगी। इससे तापमान में और गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी। हालांकि, तेज हवाओं के कारण कोहरे की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना जताई गई है। 18 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कोहरा बना रहेगा और दृश्यता 100 मीटर तक रह सकती है, जबकि 19 दिसंबर को पश्चिमी यूपी में हल्का और पूर्वी यूपी में बेहद घना कोहरा छाने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में घने कोहरे से थमी रफ्तार, दर्जनों ट्रेनें लेट, आगे मौसम को लेकर जारी की गई ये चेतावनी